बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में एक ही परिवार से जुड़ी लगातार तीसरी हत्या ने पूरे इलाके को दहला दिया है। ताजा मामला मीनापुर प्रखंड के पानापुर ओपी क्षेत्र स्थित रमतोहमा गांव का है, जहां शनिवार देर रात 70 वर्षीय मरछिया देवी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि अज्ञात हमलावरों ने घर के पास ही उन्हें निशाना बनाया और वारदात को अंजाम देने के बाद फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे।
पहले भी परिवार के दो सदस्यों की हो चुकी है हत्या
पुलिस जांच में सामने आया है कि यह इस परिवार से जुड़ी तीसरी हत्या है। इससे पहले जनवरी 2021 में परिवार के सदस्य रामेश्वर पंडित की हत्या हुई थी। इसके बाद दिसंबर 2023 में मरछिया देवी के पोते की पत्नी सुनीता देवी की भी हत्या कर दी गई थी। अब एक बार फिर उसी परिवार की बुजुर्ग महिला की हत्या ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। लगातार हो रही इन घटनाओं से गांव के लोग डरे हुए हैं और परिवार के अन्य सदस्य भी खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि तीन हत्याओं के बाद भी अब तक किसी मामले का पूरी तरह खुलासा नहीं हो सका है, जिससे लोगों में डर और नाराजगी दोनों बढ़ रही है।
पुलिस ने बनाई एसआईटी, हर एंगल से होगी जांच
घटना की जांच के लिए पुलिस ने विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों का कहना है कि टीम सभी पुराने मामलों को जोड़कर जांच करेगी। घटनास्थल से एक खाली खोखा बरामद किया गया है, जिसे जांच के लिए फोरेंसिक टीम के पास भेजा जाएगा। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है और परिवार के सदस्यों समेत स्थानीय लोगों से पूछताछ की जा रही है। अधिकारियों के मुताबिक, शुरुआती जांच में किसी पुराने विवाद या आपसी रंजिश की स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। ऐसे में पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ा रही है।
क्या किसी साइको किलर का है हाथ?
एक ही परिवार में लगातार तीन हत्याओं के बाद कई तरह की आशंकाएं जताई जा रही हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी, लेकिन यह संभावना भी जांच के दायरे में है कि कोई मानसिक रूप से विक्षिप्त या सीरियल अपराधी इन घटनाओं को अंजाम दे रहा हो। हालांकि, पुलिस ने साफ किया है कि अभी तक इस थ्योरी की पुष्टि नहीं हुई है। जांच एजेंसियां सभी पहलुओं पर काम कर रही हैं और जल्द ही मामले का खुलासा करने का दावा कर रही हैं। इस बीच, गांव में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और लोगों से सतर्क रहने की अपील की गई है।
