छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले से इंसानियत को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। मणिपुर थाना क्षेत्र के भिट्टीकला गांव में एक पति ने अपनी गर्भवती पत्नी के साथ ऐसी हैवानियत की, जिसे सुनकर हर कोई सन्न रह गया। जानकारी के अनुसार, आरोपी प्रदीप अगारिया ने अपनी पत्नी हीराबाई पर पहले बेरहमी से हमला किया और फिर उसके साथ अमानवीय अत्याचार किया, जिससे उसकी मौत हो गई। सबसे दर्दनाक बात यह रही कि घटना के समय घर में उनकी चार साल की बेटी भी मौजूद थी, जिसने अपनी मां पर हो रहे अत्याचार को अपनी आंखों से देखा। ग्रामीणों के मुताबिक, पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था और आरोपी शराब के नशे में पत्नी के साथ मारपीट करता था।
घटना के बाद अस्पताल पहुंचा आरोपी, डॉक्टरों को सुनाई झूठी कहानी
पुलिस जांच में सामने आया कि वारदात के बाद जब महिला की हालत गंभीर हो गई तो आरोपी उसे मोटरसाइकिल पर बैठाकर अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल लेकर पहुंचा। वहां उसने डॉक्टरों को बताया कि उसकी पत्नी सड़क हादसे में घायल हुई है। डॉक्टरों ने जब महिला की हालत देखी तो तुरंत इलाज शुरू किया, लेकिन ज्यादा खून बह जाने और गंभीर चोटों के कारण उसकी जान नहीं बच सकी। महिला को मृत घोषित किए जाने के बाद आरोपी अस्पताल से फरार हो गया। इस घटना के बाद अस्पताल प्रशासन ने मामले की जानकारी पुलिस को दी। शुरुआत में मामला हादसे का लग रहा था, लेकिन महिला के शरीर पर मिले चोट के निशानों ने पुलिस को शक में डाल दिया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने खोली हत्या की पूरी सच्चाई
अगले दिन जब महिला का पोस्टमार्टम किया गया तो रिपोर्ट में कई चौंकाने वाले खुलासे हुए। डॉक्टरों ने पाया कि मृतका करीब तीन महीने की गर्भवती थी और उसके शरीर पर करीब 17 गंभीर चोटों के निशान थे। जांच के दौरान महिला के गुप्त अंग से करीब 10 इंच लंबा लोहे का ब्लेड बरामद किया गया। रिपोर्ट सामने आने के बाद पुलिस ने तत्काल हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की। कुछ घंटों की जांच और पूछताछ के बाद पुलिस ने आरोपी पति को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी के खिलाफ हत्या और महिला उत्पीड़न समेत कई गंभीर धाराओं में कार्रवाई की जा रही है।
इलाके में गुस्सा, लोगों ने आरोपी को सख्त सजा देने की मांग की
इस दर्दनाक घटना के सामने आने के बाद पूरे इलाके में गुस्से का माहौल है। गांव के लोगों का कहना है कि आरोपी लंबे समय से शराब के नशे में पत्नी को प्रताड़ित करता था, लेकिन किसी ने नहीं सोचा था कि मामला इतनी भयावह घटना तक पहुंच जाएगा। महिला की मौत के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है, जबकि उसकी मासूम बेटी सदमे में बताई जा रही है। पुलिस अब मामले से जुड़े हर पहलू की जांच कर रही है। वहीं, स्थानीय लोगों और सामाजिक संगठनों ने आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग की है। इस घटना ने एक बार फिर घरेलू हिंसा और महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराधों को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
READ MORE-‘वंदेमातरम्’ विवाद पर योगी सरकार के मुस्लिम मंत्री का पलटवार, बोले- हमारी कौम के कुछ लोग…
