हरियाणा के जींद जिले के जुलाना क्षेत्र में एक रिटायरमेंट समारोह ने लोगों को हैरान कर दिया। जैजैवंती स्वास्थ्य केंद्र में करीब 39 साल तक नर्सिंग अधिकारी के रूप में सेवा देने वाली शान देवी जब रिटायर होकर बाहर निकलीं, तो उनके स्वागत का नजारा बिल्कुल अलग था। आमतौर पर विदाई में फूलों और मालाओं का इस्तेमाल होता है, लेकिन इस बार उनके बेटे ने कुछ ऐसा किया जिसने पूरे इलाके में चर्चा छेड़ दी। मां की गाड़ी को नोटों से सजाया गया था और वह भी साधारण नहीं, बल्कि 10-10 रुपये के नोटों से पूरी कार को ढक दिया गया था।
कार पर चिपके नोटों ने खींचा ध्यान
शान देवी की रिटायरमेंट पर उनके बेटे ने नई कार तोहफे में दी, लेकिन इसे और खास बनाने के लिए उसे नोटों से सजाया गया। कार के हर हिस्से पर नोट लगाए गए थे, जबकि बीच में मां की तस्वीर भी लगाई गई थी। जब शान देवी ड्यूटी खत्म करके बाहर आईं, तो यह नजारा देखकर कुछ देर के लिए भावुक हो गईं। उन्होंने कहा कि उन्होंने कभी सपने में भी नहीं सोचा था कि उनकी विदाई इतनी खास और यादगार होगी। यह सिर्फ एक तोहफा नहीं, बल्कि बेटे का अपनी मां के लिए गहरा सम्मान था।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
इस अनोखे रिटायरमेंट समारोह का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया है। लोग इसे हरियाणवी अंदाज में दिया गया सबसे अलग और यादगार गिफ्ट बता रहे हैं।
कई लोग मजाकिया अंदाज में कह रहे हैं कि इस तरह के गिफ्ट ने फूलों की जरूरत ही खत्म कर दी, क्योंकि यहां तो “नोटो की बारिश” ही हो गई। वहीं कई यूजर्स इसे मां के प्रति बेटे के सम्मान और प्यार की खूबसूरत मिसाल बता रहे हैं।
प्यार और सम्मान का अनोखा तरीका
यह घटना सिर्फ एक रिटायरमेंट पार्टी नहीं, बल्कि मां और बेटे के रिश्ते की गहराई को दिखाने वाली कहानी बन गई है। लोगों का कहना है कि मां ने अपनी जिंदगी के 39 साल सेवा में लगाए और बेटे ने उनके इस योगदान को खास अंदाज में सलाम किया। गाड़ी को नोटों से सजाकर दिया गया यह गिफ्ट अब पूरे हरियाणा में चर्चा का विषय बन गया है। जहां से भी यह कार गुजर रही है, लोग रुककर उसे देखने और फोटो खींचने को मजबूर हो रहे हैं।
Read More-चेन्नई में चलती फ्लाइट में अचानक यात्री ने खोल दिया इमरजेंसी गेट और लगा दी छलांग, फिर…
