अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के बीच हॉर्मुज जलडमरूमध्य एक बार फिर सुर्खियों में है। इसी बीच भारत से जुड़ा एक LPG जहाज ‘सर्व शक्ति’ इस खतरनाक समुद्री रास्ते को पार कर सुरक्षित निकल गया है। यह वही इलाका है जहां हाल के दिनों में जहाजों की आवाजाही बहुत कम हो गई थी और कई जहाजों को डर के कारण वापस लौटना पड़ा था।
इस घटना को भारत के लिए राहत की खबर माना जा रहा है, क्योंकि यह रास्ता दुनिया के तेल और गैस व्यापार के लिए बहुत जरूरी है।
45 हजार टन LPG और भारतीय चालक दल
‘सर्व शक्ति’ जहाज में करीब 45,000 टन LPG गैस भरी हुई है, जिसका इस्तेमाल घरों में खाना बनाने के लिए होता है। यह जहाज भारत के विशाखापत्तनम बंदरगाह की ओर जा रहा है।
इस जहाज पर 18 भारतीय चालक दल के सदस्य भी मौजूद हैं। बताया जा रहा है कि जहाज ईरान के पास से गुजरते हुए ओमान की खाड़ी में सुरक्षित पहुंच गया है। इस पूरे सफर को बेहद जोखिम भरा माना जा रहा था।
इंडियन ऑयल के लिए जा रही है गैस सप्लाई
रिपोर्ट के मुताबिक इस गैस की खरीद भारत की सरकारी कंपनी इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन ने की है। हालांकि कंपनी ने इस पर अभी कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है।
यह खास बात है कि हाल के तनाव के बाद यह भारत का पहला बड़ा LPG टैंकर है जो इस रास्ते से सुरक्षित निकल पाया है। इससे पहले कई जहाजों को डर और खतरे की वजह से रुकना पड़ा था।
भारत में बढ़ रही गैस की मांग
भारत दुनिया में LPG का दूसरा सबसे बड़ा उपभोक्ता देश है। हाल के दिनों में मिडिल ईस्ट से सप्लाई कम होने की वजह से देश में गैस की उपलब्धता पर असर पड़ा है।
सरकार ने अब ऐसे जहाजों को सुरक्षित तरीके से लाने पर जोर देना शुरू कर दिया है। साथ ही देश में LPG का उत्पादन भी बढ़ाने की कोशिश की जा रही है ताकि बाहर से कम निर्भर रहना पड़े।
Read More-चेन्नई में चलती फ्लाइट में अचानक यात्री ने खोल दिया इमरजेंसी गेट और लगा दी छलांग, फिर…
