वृंदावन के प्रसिद्ध बांके बिहारी मंदिर में रविवार रात एक चौंकाने वाली घटना सामने आई, जहां श्रद्धालुओं और निजी सुरक्षाकर्मियों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि मामला मारपीट तक पहुंच गया। बताया जा रहा है कि रात करीब 9:40 बजे मंदिर बंद होने के बाद कुछ श्रद्धालु गेट नंबर-1 पर खड़े होकर प्रणाम कर रहे थे। इसी दौरान वहां तैनात गार्डों ने उन्हें हटने के लिए कहा, लेकिन बात बिगड़ गई और देखते ही देखते कहासुनी हाथापाई में बदल गई।
VIDEO में दिखी पिटाई, महिला श्रद्धालु रोकती रही
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें सुरक्षाकर्मी श्रद्धालुओं पर थप्पड़ और घूंसे बरसाते नजर आ रहे हैं। वीडियो में यह भी दिख रहा है कि वहां ज्यादा भीड़ नहीं थी, फिर भी गार्ड आक्रामक हो गए। इस दौरान एक महिला श्रद्धालु बीच-बचाव करती नजर आती हैं, लेकिन गार्डों का रवैया नहीं बदलता। घटना ने मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था और व्यवहार पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
वीडियो बना रहे दुकानदार को भी नहीं छोड़ा, बढ़ा विवाद
मामला तब और गरमा गया जब वहां मौजूद एक दुकानदार योगेश ने इस पूरी घटना का वीडियो बनाना शुरू किया। आरोप है कि सुरक्षाकर्मियों ने उसे भी पीटना शुरू कर दिया। इसके बाद आसपास के अन्य दुकानदार मौके पर पहुंच गए और गार्डों से तीखी बहस होने लगी। दुकानदारों का कहना है कि उन्हें न केवल रोका गया बल्कि उनके साथ भी दुर्व्यवहार किया गया, जिससे माहौल और तनावपूर्ण हो गया।
पुलिस पर भी लगे आरोप, कई लोग हिरासत में
घटना ने नया मोड़ तब लिया जब आरोप लगा कि स्थानीय पुलिसकर्मी भी इस विवाद में शामिल हो गए। दुकानदारों के मुताबिक, पुलिस चौकी पर तैनात दरोगा सुबोध मलिक मौके पर पहुंचे और कुछ लोगों को एक धर्मशाला में ले जाकर उनके साथ भी मारपीट की गई। हालांकि, इस मामले में पुलिस ने दोनों पक्षों के 8 से अधिक लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं, दरोगा का कैमरे के सामने और पीछे अलग-अलग बयान देना भी चर्चा का विषय बन गया है।
Read more-एक धमाका… और सब खत्म! कुवैत में क्या हुआ ऐसा कि ईरानी हमले में चली गई भारतीय की जान?
