पाकिस्तान सुपर लीग (PSL 2026) की शुरुआत के साथ ही एक नया विवाद सामने आ गया है। पाकिस्तान के तेज गेंदबाज Naseem Shah एक सोशल मीडिया पोस्ट की वजह से चर्चा में आ गए हैं। यह मामला तब शुरू हुआ जब उन्होंने पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री Nawaz Sharif की बेटी Maryam Nawaz को लेकर एक टिप्पणी कर दी। यह पोस्ट कुछ ही मिनटों में डिलीट कर दी गई, लेकिन तब तक मामला तूल पकड़ चुका था।
ओपनिंग सेरेमनी में हुआ था खास स्वागत
दरअसल, PSL के उद्घाटन समारोह में मरियम नवाज बतौर विशेष अतिथि शामिल हुई थीं। Pakistan Cricket Board के चेयरमैन मोहसिन नकवी ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया और उन्हें टीम मालिकों से मिलवाया। PCB ने इस मौके की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किए। इसी पोस्ट पर नसीम शाह ने प्रतिक्रिया देते हुए सवाल उठाया कि उनके साथ “लॉर्ड्स की महारानी जैसा व्यवहार क्यों किया जा रहा है?”
डिलीट पोस्ट के बाद भी नहीं थमा विवाद
नसीम शाह ने कुछ ही देर में अपनी यह टिप्पणी हटा दी और नई पोस्ट कर दी, लेकिन तब तक स्क्रीनशॉट वायरल हो चुके थे। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए PCB ने नसीम को नोटिस जारी किया है। बोर्ड का कहना है कि यह केंद्रीय अनुबंध की शर्तों का उल्लंघन हो सकता है। हालांकि PCB ने यह भी साफ किया है कि अंतिम फैसला लेने से पहले नसीम शाह का पक्ष सुना जाएगा।
PSL पर फिर उठे सवाल
यह पहला मौका नहीं है जब Pakistan Super League विवादों में घिरी हो। हर सीजन में किसी न किसी कारण से लीग चर्चा में रहती है। इस बार पहले ही दिन ऐसा मामला सामने आने से लीग की छवि पर सवाल उठ रहे हैं। नसीम शाह इस सीजन में नई फ्रेंचाइजी रावलपिंडी पिंडिज़ की ओर से खेल रहे हैं, ऐसे में यह विवाद उनके करियर पर भी असर डाल सकता है।
Read more-महायज्ञ में अचानक धधकी आग: अयोध्या के राजघाट पर मचा हड़कंप, कैसे भड़की लपटें?
