Rishabh Pant Injury Update: टीम इंडिया के स्टार विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋषभ पंत की इंजरी पर नया अपडेट सामने आया है, जिसने फैंस की धड़कनें बढ़ा दी हैं। इंग्लैंड दौरे पर पैर में लगी चोट के बाद पंत लगातार रिकवरी कर रहे थे, लेकिन अब खबर है कि उनकी हालत में अचानक नया मोड़ आ गया है। न्यूज 24 के हवाले से BCCI सूत्रों ने बताया है कि पंत के पैर में सूजन बढ़ गई है, जिससे उनकी वापसी की राह फिलहाल मुश्किल होती दिख रही है। ऐसे में वेस्टइंडीज के खिलाफ अक्टूबर की शुरुआत में होने वाली टेस्ट सीरीज से उनका बाहर होना लगभग तय माना जा रहा है।
रिकवरी के वीडियो से बढ़ी थीं उम्मीदें
इससे पहले ईएसपीएन क्रिकइन्फो की रिपोर्ट में दावा किया गया था कि पंत के पैर से पट्टा हटा दिया गया है और वे बिना किसी दिक्कत के चल-फिर पा रहे हैं। उनके सोशल मीडिया पर साझा किए गए रिकवरी वीडियो देखकर फैंस को उम्मीद थी कि वह जल्द ही मैदान पर वापसी करेंगे। लेकिन अब पैर की सूजन बढ़ने की खबर ने सभी को हैरान कर दिया है।
BCCI की मेडिकल टीम पर सबकी नजर
BCCI की मेडिकल टीम अब पंत की स्थिति पर करीबी नजर बनाए हुए है। सूत्रों के मुताबिक, उनकी फिटनेस पर अंतिम फैसला अगले कुछ दिनों में लिया जाएगा। अगर सूजन कम नहीं हुई, तो न सिर्फ वेस्टइंडीज सीरीज, बल्कि आगे की टूर्नामेंट तैयारियों पर भी असर पड़ सकता है। ऐसे में टीम इंडिया मैनेजमेंट अब पंत की जगह बैकअप विकेटकीपर पर भी विचार कर रही है।
