Crime News: बिहार के मोतिहारी जिले के पिपराकोठी थाना क्षेत्र में सोमवार की सुबह एक भयावह वारदात ने पूरे गांव को दहला दिया। एक व्यक्ति ने घरेलू कलह के चलते अपनी पत्नी पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया।
अवैध संबंध का शक बना खून की वजह
पुलिस की शुरुआती जांच में जो बातें सामने आईं, वो रिश्तों के टूटते भरोसे की कहानी बयां करती हैं। बताया जा रहा है कि आरोपी को शक था कि उसकी पत्नी का किसी दूसरे पुरुष से अवैध संबंध है। इसी शक में अंधा होकर उसने यह खौफनाक कदम उठा लिया। परिवार वालों के अनुसार पति-पत्नी के बीच पहले भी कई बार विवाद हो चुके थे, लेकिन इस बार मामला जानलेवा हो गया।
गांव में दहशत, पुलिस जुटी जांच में
घटना के बाद से पूरे गांव में डर और तनाव का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों के अनुसार महिला सामाजिक रूप से सक्रिय थी, लेकिन दांपत्य जीवन में तनाव बना रहता था। पुलिस ने महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि क्या यह हत्या पूर्व नियोजित थी या महज गुस्से में की गई प्रतिक्रिया।
Read more-क्या भारत-पाकिस्तान मैच पर लगेगी रोक? संसद में प्रियंका चतुर्वेदी की मांग से मचा सियासी भूचाल
