कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने अपनी राष्ट्रीय कार्यसमिति का आधिकारिक ऐलान कर दिया है। पार्टी ने संगठन को मजबूत बनाने की दिशा में कई महत्वपूर्ण पदों पर नियुक्तियां की हैं। सबसे बड़ी जिम्मेदारी पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके को दी गई है, जिन्हें राष्ट्रीय संयोजक बनाया गया है। वहीं आशुतोष रांका और सौरव दास को सह-संयोजक की जिम्मेदारी सौंपी गई है। पार्टी ने साफ किया है कि 6 अगस्त को घोषित सूची ही फिलहाल आधिकारिक है और इसके अलावा किसी अन्य व्यक्ति को कोई पद नहीं दिया गया है। पार्टी नेतृत्व का कहना है कि आने वाले छह महीनों में राज्यों और लोकसभा स्तर पर भी संगठन का विस्तार किया जाएगा, ताकि जमीनी स्तर पर पार्टी की मौजूदगी मजबूत हो सके।
संगठन से लेकर मीडिया और टेक्नोलॉजी तक तय हुई जिम्मेदारियां
राष्ट्रीय कार्यसमिति में संगठन, मीडिया, कानून, रिसर्च और टेक्नोलॉजी जैसे अलग-अलग क्षेत्रों के लिए भी पद तय किए गए हैं। अजिंक्य शिंदे को राष्ट्रीय संगठन प्रभारी बनाया गया है, जबकि दीपक बालियान संगठन सह-प्रभारी की भूमिका निभाएंगे। आफरीन नवाज को राष्ट्रीय सचिव की जिम्मेदारी मिली है। मीडिया प्रमुख के रूप में विजय रेड्डी मल्लांगी को नियुक्त किया गया है। कानूनी मामलों की जिम्मेदारी रत्ना सिंह को दी गई है। वहीं वैष्णवी गौड़ को रिसर्च एंड पॉलिसी लीड, रोहन देशपांडे को टेक्नोलॉजी लीड और योगेश इंगले को फाइनेंस लीड बनाया गया है। कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) का कहना है कि इन नियुक्तियों का उद्देश्य संगठन को व्यवस्थित और पेशेवर तरीके से आगे बढ़ाना है।
The Cockroach Janta Party formally announces the names of it’s National Working Committee! pic.twitter.com/zMrXUNxW9U
— Cockroach Janta Party – CJP (@Cockroachisback) August 6, 2026
चार जोन में बांटी गई संगठन की जिम्मेदारी
राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर समन्वय के लिए कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने देश को चार जोन में विभाजित कर प्रत्येक क्षेत्र के लिए अलग प्रभारी नियुक्त किए हैं। उत्तर भारत की जिम्मेदारी दीपक बालियान को दी गई है। दक्षिण भारत के लिए विजय रेड्डी मल्लांगी को जोनल प्रभारी बनाया गया है। पूर्व और उत्तर-पूर्व क्षेत्र की जिम्मेदारी अंकित भारद्वाज को सौंपी गई है, जबकि पश्चिम भारत का दायित्व योगेश इंगले संभालेंगे। पार्टी का कहना है कि यह व्यवस्था राज्यों में संगठन विस्तार और स्थानीय इकाइयों के गठन को गति देने के लिए बनाई गई है। CJP ने यह भी घोषणा की है कि अगले छह महीनों के भीतर राज्य और लोकसभा स्तर की समितियों का गठन पूरा कर लिया जाएगा।
कार्यसमिति के ऐलान के साथ शुरू हुआ विवाद
राष्ट्रीय कार्यसमिति की घोषणा के साथ ही कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के भीतर असंतोष की खबरें भी सामने आई हैं। महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में कुछ युवाओं ने अभिजीत दीपके के आवास के बाहर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि पार्टी में कुछ लोगों को प्राथमिकता दी गई है और छात्र आंदोलन से जुड़े कई सक्रिय कार्यकर्ताओं को जगह नहीं मिली। उनका कहना था कि जंतर-मंतर पर हुए छात्र आंदोलन में शुरुआत से काम करने वाले समन्वयकों को भी संगठन में प्रतिनिधित्व मिलना चाहिए था। हालांकि, पार्टी ने अपने बयान में स्पष्ट किया कि वर्तमान सूची आधिकारिक है और भविष्य में संगठन के विस्तार के दौरान अन्य स्तरों पर भी नई नियुक्तियां की जाएंगी। फिलहाल पार्टी संगठन निर्माण की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने की तैयारी में जुटी है।
Read More-₹21 करोड़ की साइबर ठगी में बड़ा खुलासा! जांच करते-करते भाजपा नेता तक पहुंची पुलिस
