उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को मुरादाबाद में एक जनसभा को संबोधित करते हुए पूर्ववर्ती समाजवादी पार्टी सरकार पर तीखा हमला बोला। सीएम योगी ने साफ शब्दों में कहा, “भर्ती में जो पैसा लेगा, वह जेल के अंदर सड़ेगा।” उन्होंने सपा सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि पहले की सरकारों में नौकरियों की भर्ती में भारी भ्रष्टाचार होता था और पैसों के लेन-देन के बिना किसी को नौकरी नहीं मिलती थी।
2017 के पहले और बाद के मुरादाबाद की तुलना
मुख्यमंत्री ने दावा किया कि 2017 में जब भारतीय जनता पार्टी की सरकार सत्ता में आई, तो मुरादाबाद के विकास में स्पष्ट असमानता देखने को मिली—”उस पार और इस पार में भारी अंतर था।” उन्होंने कहा कि बीते वर्षों में बीजेपी सरकार ने बिना भेदभाव के विकास कार्य किए हैं और योजनाओं का लाभ समाज के हर वर्ग तक पहुंचाया गया है। योगी ने गिनाया कि किस तरह से कानून-व्यवस्था में सुधार हुआ है और युवाओं को बिना रिश्वत के नौकरियां मिल रही हैं।
भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता, गड़बड़ी पर जेल
योगी आदित्यनाथ ने अपनी सरकार की पारदर्शी नीतियों का ज़िक्र करते हुए कहा कि आज भर्तियों की प्रक्रिया पूरी तरह डिजिटल और निष्पक्ष है। “हमने सिस्टम को ऐसा बनाया है कि गरीब से गरीब का बेटा भी मेहनत के बल पर नौकरी पा सकता है। अब कोई भी भर्ती में गड़बड़ी करेगा तो वह सीधा जेल जाएगा।” उन्होंने जनता से अपील की कि वे ऐसी पार्टियों को फिर से सत्ता में आने न दें, जिन्होंने प्रदेश को लूटा और नौजवानों के भविष्य से खिलवाड़ किया।
Read More-24 घंटे में भारत पर भारी टैरिफ? रूस के साथ बढ़ती दोस्ती पर ट्रंप का नया हमला!
