सरकारी पद मिला, लेकिन मन को नहीं मिला सुकून
CBI में नौकरी मिलने के बाद शुरुआत में उन्हें लगा कि जिंदगी की सबसे बड़ी मंजिल हासिल हो गई है। लेकिन धीरे-धीरे विभाग के कामकाज और वहां के माहौल से उनका मन परेशान रहने लगा। उनके मुताबिक, नौकरी में कई बार ऐसे नियमों और जिम्मेदारियों का पालन करना पड़ता था, जो उनके स्वभाव से मेल नहीं खाते थे। लोगों से व्यवहार करने के तरीके से लेकर अधिकारियों के प्रोटोकॉल तक, हर चीज में बंधे होने का एहसास होता था। उन्हें लगने लगा कि जिस आजादी की तलाश में इंसान जिंदगी बिताता है, वह नौकरी के इस ढांचे में कहीं खो गई है।
गाड़ी, मकान और अच्छी सैलरी के बाद भी अधूरी थी जिंदगी
समय के साथ उन्हें एहसास हुआ कि अच्छी कमाई और सरकारी सुविधाएं ही खुशहाल जीवन की गारंटी नहीं हैं। उनके पास गाड़ी थी, मकान था और समाज में सम्मान भी था, लेकिन मन के भीतर एक खालीपन लगातार बढ़ रहा था। उन्होंने अपनी स्थिति की तुलना आम आदमी से करते हुए समझा कि आखिर जरूरत तो हर किसी को रोटी, कपड़े और रहने की जगह की ही होती है। बस इन चीजों को हासिल करने के तरीके और खर्च अलग-अलग होते हैं। इसी सोच ने उन्हें अपनी जिंदगी के फैसलों पर दोबारा विचार करने के लिए मजबूर कर दिया।
नर्मदा किनारे गुफाओं में मिला जीवन का नया रास्ता
आखिरकार उन्होंने नौकरी और घर-परिवार की सुविधाओं को पीछे छोड़ दिया। इसके बाद कई राज्यों में घूमते हुए वह मां नर्मदा के तट पर पहुंचे। यहां का शांत वातावरण और आध्यात्मिक माहौल उन्हें भीतर तक छू गया। बताया जाता है कि बचपन में महज पांच साल की उम्र में उन्हें गुरु दीक्षा मिली थी। नर्मदा किनारे पहुंचने के बाद बचपन के वही आध्यात्मिक संस्कार फिर जाग उठे। अब उनका जीवन सांसारिक पद, पैसा और प्रतिष्ठा के बजाय साधना और आत्मिक शांति के इर्द-गिर्द घूमने लगा। उनकी कहानी एक सवाल जरूर खड़ा करती है कि क्या जिंदगी की असली सफलता ऊंचा पद हासिल करने में है या मन की शांति पाने में?
