UP News: कानपुर के गुजैनी इलाके से एक दुखद मामला सामने आया है, जहां 18 वर्षीय युवक की मौत ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। मेहरबान सिंह का पुरवा निवासी सौरभ गुप्ता दादा नगर स्थित एक फै्ट्री में काम करता था। परिजनों के मुताबिक, वह पिछले कुछ दिनों से काफी परेशान और तनाव में था। बताया जा रहा है कि मंगलवार शाम करीब छह बजे सौरभ घर से किराने का सामान लाने की बात कहकर निकला था। परिवार को उम्मीद थी कि वह थोड़ी देर में लौट आएगा, लेकिन देर रात तक उसके घर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। कुछ समय बाद पुलिस को रेलवे ट्रैक के पास एक युवक के मिलने की सूचना मिली। पहचान होने पर परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
व्हाट्सएप स्टेटस ने बढ़ाई चिंता
परिजनों और स्थानीय लोगों के अनुसार, घटना से कुछ समय पहले सौरभ ने अपने व्हाट्सएप अकाउंट पर कुछ भावुक संदेश साझा किए थे। इन संदेशों में जीवन, प्यार और यादों से जुड़ी बातें लिखी गई थीं, जिसने परिवार की चिंता और बढ़ा दी है। प्राथमिक जानकारी के अनुसार, युवक अपने निजी संबंधों को लेकर तनाव में था। परिवार का कहना है कि पिछले कुछ दिनों से उसका किसी करीबी से विवाद चल रहा था, जिसके कारण वह मानसिक रूप से परेशान दिखाई दे रहा था। हालांकि, पुलिस ने अभी तक किसी एक वजह को घटना का कारण नहीं माना है। भावनात्मक तनाव, रिश्तों में परेशानी और अकेलेपन की भावना कई बार युवाओं पर गहरा असर डालती है। ऐसे समय में परिवार और दोस्तों की भूमिका बेहद अहम हो जाती है। किसी भी व्यक्ति के व्यवहार में अचानक बदलाव, उदासी या निराशा जैसे संकेतों को गंभीरता से लेने की जरूरत होती है।
पुलिस जांच में जुटी, परिवार सदमे में
घटना की जानकारी मिलने के बाद गुजैनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी राजन शर्मा ने बताया कि अभी तक परिजनों की ओर से कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है। पुलिस मोबाइल फोन और अन्य पहलुओं की जांच कर रही है, ताकि पूरे घटनाक्रम को समझा जा सके। वहीं, परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। पड़ोसियों के अनुसार, सौरभ शांत स्वभाव का था और नियमित रूप से काम पर जाता था। किसी ने भी नहीं सोचा था कि वह इस तरह का कदम उठा सकता है।
