बीजिंग: जरा सोचिए, आप एक लाइव फाइट देख रहे हों और अचानक एक फाइटर का सिर धड़ से अलग होकर लटक जाए, लेकिन वह बिना रुके अपने दुश्मन पर लात-घूसे बरसाता रहे! यह किसी हॉलीवुड की हॉरर या साइंस-फिक्शन फिल्म का सीन नहीं, बल्कि चीन के शेंझेन शहर में हकीकत में घटा एक ऐसा वाकया है जिसने सोशल मीडिया पर तहलका मचा दिया है। तकनीक और रोबोटिक्स के इतिहास में पहली बार आयोजित हो रहे ‘अल्टीमेट रोबोट नॉक-आउट लीजेंड’ (URKL) फ्री-कॉम्बैट टूर्नामेंट की शुरुआत ही कुछ ऐसी खौफनाक और रोमांचक रही कि देखने वालों की आंखें फटी की फटी रह गईं।
जब ‘व्हाइट ईगल’ की किक से उखड़ गई ‘मेटाडोर’ की गर्दन
इस ऐतिहासिक मुकाबले के ओपनिंग नाइट में चीन की मशहूर रोबोटिक्स कंपनी ‘इंजनएआई’ (EngineAI) द्वारा तैयार किए गए दो आधुनिक T800 ह्यूमनॉइड रोबोट्स आमने-सामने थे। रिंग में उतरे इन दोनों फाइटर्स का नाम ‘व्हाइट ईगल’ और ‘मेटाडोर’ रखा गया था। मैच की शुरुआत से ही दोनों के बीच बेहद हिंसक और आक्रामक जंग देखने को मिली। मुकाबला तब बेहद रोमांचक और डरावना हो गया, जब ‘व्हाइट ईगल’ ने हवा में लहराते हुए एक बेहद जोरदार हाई किक (लात) जड़ी। यह लात सीधे ‘मेटाडोर’ के सिर पर जाकर लगी। प्रहार इतना घातक था कि मेटाडोर का सिर अपने सॉकेट से पूरी तरह उखड़ गया और एक तरफ लटक गया।
सिर धड़ से अलग, फिर भी जारी रहा खूनी खेल
सबसे ज्यादा हैरान करने वाली बात यह थी कि सिर लटक जाने के बावजूद मेटाडोर का सिस्टम रुका नहीं। बिना सिर के भी उसका कृत्रिम दिमाग और सेंसर इतनी तेजी से काम कर रहे थे कि वह अपने विरोधी ‘व्हाइट ईगल’ पर लगातार मुक्के और लातें बरसाता रहा। स्टेडियम में बैठे दर्शक इस नजारे को देखकर पूरी तरह स्तब्ध थे। हालांकि, यह खतरनाक सिलसिला ज्यादा देर नहीं चल सका। कुछ ही सेकंड बाद मेटाडोर आगे की तरफ गिर पड़ा और उसके भारी-भरकम शरीर का वजन उसके लटके हुए सिर पर आ गया, जिससे उसकी गर्दन पूरी तरह टूटकर अलग हो गई। सिर अलग होते ही यह लड़ाका हमेशा के लिए शांत हो गया। इसके बाद विजेता ‘व्हाइट ईगल’ ने रिंग में बकायदा डांस मूव्स करके अपनी जीत का जश्न मनाया।
टर्मिनेटर का असली अवतार: करोड़ों रुपये की है यह जंग
आपको बता दें कि इस फाइट में इस्तेमाल किए गए T800 रोबोट को इंजनएआई कंपनी ने पिछले साल ही लॉन्च किया था, जिसका नाम हॉलीवुड फिल्म ‘टर्मिनेटर’ के मशहूर रोबोटिक किरदार पर रखा गया है। यह रोबोट पूरी तरह से इंसानों की तरह मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स (MMA) खेलने में माहिर है। इस अनोखे और बेहद महंगे URKL टूर्नामेंट में हिस्सा लेने के लिए दुनिया के 10 देशों की 200 से अधिक टीमों ने दावेदारी पेश की थी, जिनमें से कड़ी जंग के बाद सिर्फ 32 टीमें ही मुख्य दौर में पहुंच पाई हैं। इस साल भर चलने वाले महामुकाबले को जीतने वाली टीम को चमचमाती चैंपियनशिप बेल्ट के साथ करीब 10 मिलियन युआन यानी लगभग 12 करोड़ रुपये ($1.44 मिलियन) की भारी-भरकम इनामी राशि मिलेगी।
Read more-4 साल पुराने गोकशी केस में आया बड़ा फैसला, तीन दोषियों को क्या सुनाई गई सजा?
