उत्तर प्रदेश के शामली जिले में एक अनोखा मामला सामने आया है। यहां कस्बा एलम में उस समय हंगामा मच गया, जब देहरादून से एक युवती अपने परिजनों के साथ ढोल-नगाड़े बजवाते हुए प्रेमी के घर पहुंच गई। उसके हाथों में वरमाला थी और वह प्रेमी से शादी करने की मांग पर अड़ गई। युवती की पहचान देहरादून के सहारनपुर चौक निवासी सोनिया के रूप में हुई है। उसका आरोप है कि एलम निवासी अंकुश पिछले कई सालों से उसके साथ प्रेम संबंध में था और शादी का वादा भी कर चुका था। लेकिन अब वह किसी दूसरी लड़की से शादी करने जा रहा है। युवती के इस तरह पहुंचने की खबर फैलते ही आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। देखते ही देखते प्रेमी के घर के बाहर हाई वोल्टेज ड्रामा शुरू हो गया।
2016 से चल रहा था प्रेम प्रसंग, शादी का वादा करके संपर्क तोड़ने का आरोप
सोनिया के मुताबिक, उसकी और अंकुश की मुलाकात के बाद वर्ष 2016 से दोनों के बीच प्रेम संबंध थे। युवती का आरोप है कि साल 2019 के बाद अंकुश ने अचानक उससे बातचीत बंद कर दी और अपना मोबाइल नंबर भी बदल लिया। काफी समय तक संपर्क नहीं होने पर उसने देहरादून में अंकुश के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। सोनिया का दावा है कि शिकायत के बाद अंकुश उसके घर पहुंचा और शादी करने का भरोसा दिया। इससे उसे लगा कि अब दोनों का रिश्ता शादी में बदल जाएगा, लेकिन आरोप है कि इसके बाद प्रेमी ने फिर दूरी बना ली। इसी बीच सोनिया को पता चला कि अंकुश 21 नवंबर को दिल्ली में किसी दूसरी युवती से शादी करने वाला है। यह जानकारी मिलते ही वह अपने परिवार के साथ सीधे उसके घर पहुंच गई और शादी की मांग करने लगी।
बीएससी पास है प्रेमिका, मर्चेंट नेवी में काम करता है प्रेमी; पुलिस पहुंची मौके पर
इस पूरे मामले में दोनों की पृष्ठभूमि भी चर्चा में है। सोनिया ने बताया कि वह बीएससी तक पढ़ाई कर चुकी है, जबकि अंकुश मर्चेंट नेवी में नौकरी करता है। प्रेमिका के अचानक ढोल-नगाड़ों के साथ पहुंचने पर दोनों परिवारों के बीच जमकर बहस हुई। सोनिया लगातार शादी की मांग करती रही, वहीं घर के बाहर काफी देर तक हंगामे की स्थिति बनी रही। मामला बढ़ता देख पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को संभाला और सोनिया को उसके परिजनों के साथ चौकी ले गई। फिलहाल युवती की ओर से लगाए गए आरोपों और पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटाई जा रही है। अब सबकी नजर इस बात पर है कि 21 नवंबर को होने वाली अंकुश की शादी का क्या होगा और इस विवाद में आगे क्या फैसला सामने आता है।
Read more-मोहम्मद सिराज को टीम से बाहर करने पर सियासी बवाल! इमरान मसूद बोले- ‘उनका नाम सिराज है, और इसीलिए…’
