उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले के कुंडा स्थित बेंती में आयोजित पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की श्रीराम कथा का समापन भावुक माहौल में हुआ। इस धार्मिक आयोजन में पाकिस्तान से आए करीब 500 हिंदू शरणार्थियों ने भी हिस्सा लिया। तीन दिनों तक ये लोग कथा सुनने और भक्ति के माहौल में शामिल रहे। आयोजन के दौरान उनके ठहरने और भोजन की व्यवस्था भी की गई थी। कथा समाप्त होने के बाद जब उनके लौटने का समय आया, तो माहौल भावनात्मक हो गया। शरणार्थियों ने कुंडा में मिले सम्मान और अपनापन के लिए आयोजकों और स्थानीय लोगों का आभार जताया।
राजा भैया ने खुद पहुंचकर की मुलाकात, विदाई के वक्त छलकी भावनाएं
शरणार्थियों की विदाई के मौके पर कुंडा के विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया भी पहुंचे। उन्होंने सभी से मुलाकात की और उनका हालचाल जाना। इस दौरान राजा भैया ने कहा कि ये लोग पराए नहीं हैं, बल्कि अपने ही हैं और अपने घर आए हैं। बातचीत में कुछ महिलाओं ने पाकिस्तान में रहने के दौरान सामना किए गए डर और परेशानियों का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि कुंडा में बिताए तीन दिन उनके लिए बेहद यादगार रहे। विदाई के समय स्थानीय लोगों का स्नेह देखकर कई शरणार्थी भावुक हो गए। इसी दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से नागरिकता से जुड़ी प्रक्रिया में राहत देने और नागरिकता बढ़ाने की मांग भी रखी।
कथा के समापन पर लगे पोस्टरों ने खींचा ध्यान, राजा भैया को CM बनाने की मांग
श्रीराम कथा के समापन के दौरान राजनीतिक मांगों से जुड़े कुछ पोस्टर भी चर्चा का विषय बने। गाजियाबाद और जबलपुर सहित अलग-अलग स्थानों से आए समर्थकों ने पोस्टरों के जरिए अपनी राजनीतिक इच्छाएं जाहिर कीं। इनमें राजा भैया को उत्तर प्रदेश का अगला मुख्यमंत्री बनाने की मांग की गई थी। वहीं, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को देश का प्रधानमंत्री बनाए जाने की मांग भी पोस्टरों पर दिखाई दी। धार्मिक आयोजन के बीच इन पोस्टरों ने लोगों का ध्यान खींचा। हालांकि, आयोजन की सबसे भावुक तस्वीर पाकिस्तानी हिंदू शरणार्थियों की विदाई रही, जहां तीन दिनों के अपनापन और सम्मान के बाद वे नम आंखों से कुंडा से रवाना हुए।
Read More-मोहम्मद सिराज को टीम से बाहर करने पर सियासी बवाल! इमरान मसूद बोले- ‘उनका नाम सिराज है, और इसीलिए…’
