परिसीमन बिल को लेकर संसद में सियासी टकराव बढ़ने के संकेत मिल रहे हैं। कांग्रेस ने सरकार के प्रस्ताव के खिलाफ विपक्षी दलों को एक मंच पर लाने की तैयारी तेज कर दी है। सूत्रों के मुताबिक, अब सोनिया गांधी खुद INDIA गठबंधन के प्रमुख नेताओं से बातचीत करेंगी। उनकी कोशिश है कि सभी सहयोगी दल परिसीमन के मुद्दे पर एक जैसी रणनीति अपनाएं। इस कवायद में शरद पवार और तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन की भूमिका काफी अहम मानी जा रही है। कांग्रेस चाहती है कि संसद में सरकार के सामने विपक्ष बिखरा हुआ नजर न आए।
स्टालिन से चेन्नई में मुलाकात, पवार से खरगे करेंगे बात
राजनीतिक हलकों में चर्चा है कि सोनिया गांधी रविवार, 29 नवंबर को राहुल गांधी के साथ चेन्नई जाकर एमके स्टालिन से मुलाकात कर सकती हैं। वहीं, शरद पवार से बातचीत की जिम्मेदारी कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को दी गई है। खरगे मुंबई में पवार से संपर्क कर सकते हैं। कांग्रेस की इस पहल का मकसद दोनों नेताओं को परिसीमन के मुद्दे पर INDIA गठबंधन की साझा रणनीति के साथ लाना है। हालांकि, मुलाकातों का अंतिम कार्यक्रम और समय अभी स्पष्ट नहीं हुआ है।
DMK के समर्थन ने विपक्ष की बढ़ाई चिंता
परिसीमन विधेयक पर डीएमके का रुख विपक्ष के लिए एक बड़ी चुनौती बन गया है। पार्टी ने कुछ शर्तों के साथ प्रस्ताव का समर्थन करने की बात कही है। शनिवार को डीएमके सांसद कनिमोझी ने गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात भी की थी। उन्होंने स्पष्ट किया कि विधेयक का समर्थन करने का अर्थ बीजेपी का राजनीतिक समर्थन करना नहीं है। दूसरी तरफ डीएमके प्रवक्ता टीकेएस एलंगोवन ने प्रस्तावित व्यवस्था को लेकर चिंता जताई है। उनका कहना है कि भविष्य में जनगणना के आधार पर सीटें बढ़ाने का फैसला दक्षिण भारतीय राज्यों के हितों को प्रभावित कर सकता है।
दक्षिण भारत की सीटों पर DMK की बड़ी मांग
डीएमके की सबसे बड़ी मांग है कि जनसंख्या नियंत्रण को सफलतापूर्वक लागू करने वाले राज्यों के राजनीतिक प्रतिनिधित्व में कमी नहीं आनी चाहिए। पार्टी चाहती है कि लोकसभा में मौजूदा सीटों के अनुपात को बरकरार रखा जाए। एलंगोवन के मुताबिक, 542 सदस्यों वाली लोकसभा में डीएमके का प्रतिनिधित्व 7.18 प्रतिशत है और पार्टी इस हिस्सेदारी को सुरक्षित रखना चाहती है। ऐसे में अब नजरें सोनिया गांधी की कोशिशों पर टिकी हैं। बड़ा सवाल यह है कि क्या कांग्रेस शरद पवार और स्टालिन को एक साझा रणनीति पर सहमत कर पाएगी या परिसीमन के मुद्दे पर विपक्ष के भीतर मतभेद और गहरे होंगे?
Read more-परिसीमन बिल पर अखिलेश यादव का आर-पार का ऐलान! सपा सांसदों को जारी हुआ व्हिप, संसद में अब क्या होगा?

