HomeदेशSDM थे सामने फिर भी दंपति और मासूम पर तान दी राइफल!...

SDM थे सामने फिर भी दंपति और मासूम पर तान दी राइफल! दरोगा समेत 5 आरोपी फरार, पुलिस ने रखा इतने हजार का इनाम

फतेहपुर तहसील में जमीन विवाद के दौरान दंपति और पांच साल की बच्ची पर राइफल तानने का आरोप। बनारस में तैनात पुलिसकर्मी समेत पांच आरोपियों पर 25-25 हजार का इनाम घोषित।

-

Fatehpur News: उत्तर प्रदेश के फतेहपुर में जमीन विवाद का एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने सरकारी दफ्तरों की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। पुश्तैनी जमीन पर कब्जे की शिकायत लेकर तहसील पहुंचे एक दंपति और उनकी पांच साल की बेटी को कथित तौर पर हथियारों के दम पर धमकाया गया। हैरानी की बात यह है कि यह पूरा घटनाक्रम सदर तहसील परिसर के गेट के पास हुआ। मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। पुलिस ने बनारस में तैनात एक दरोगा समेत पांच नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। सभी पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है।

तहसील में शिकायत करने पहुंचे परिवार के साथ शुरू हुआ विवाद

पुलिस के अनुसार, यह घटना 27 नवंबर को सुबह करीब 11:15 बजे फतेहपुर सदर की नई तहसील के गेट के पास हुई। सरकंडी गांव की रहने वाली रेखा तिवारी अपने पति बजरंग द्विवेदी और पांच वर्षीय बेटी कामाख्या के साथ पुश्तैनी मकान और जमीन पर अवैध कब्जे की शिकायत लेकर तहसील पहुंची थीं। परिवार अपनी शिकायत तहसीलदार के सामने रखना चाहता था। इसी दौरान जमीन विवाद से जुड़ा दूसरा पक्ष भी वहां पहुंच गया। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। रेखा का आरोप है कि दूसरे पक्ष के लोग पहले से हथियार लेकर आए थे। विवाद बढ़ने पर उनके साथ गाली-गलौज और धक्का-मुक्की की गई।

राइफल और बंदूक लेकर पहुंचे थे आरोपी, बच्ची को भी नहीं छोड़ा

पीड़िता की शिकायत के मुताबिक, प्रमोद तिवारी के पास राइफल और रिवॉल्वर थी, जबकि उनके बेटे प्रियांजल के हाथ में सिंगल बैरल बंदूक थी। एक अन्य आरोपी भोला तिवारी की राइफल कार में रखी हुई थी। आरोप है कि विवाद के दौरान प्रमोद और प्रियांजल ने हथियार लोड करके रेखा के पति और उनकी छोटी बेटी की तरफ तान दिए। तहसील परिसर में मौजूद लोग यह देखकर घबरा गए। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें दोनों पक्षों के बीच बहस और धक्का-मुक्की दिखाई दे रही है। आरोपियों पर हथियार लहराते हुए लाल रंग की हुंडई इयॉन कार से फरार होने का भी आरोप है। इस कार पर पुलिस का टैग लगा दिखाई देने के बाद मामला और चर्चा में आ गया।

बनारस में तैनात पुलिसकर्मी की भूमिका आई सामने

फतेहपुर के एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि वायरल वीडियो की जांच में दोनों पक्षों के एक ही परिवार से जुड़े होने की जानकारी मिली है। इनके बीच लंबे समय से करीब 45 बीघा जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। पुलिस के मुताबिक, वीडियो में हथियार लिए दिखाई देने वाले प्रमोद तिवारी पुलिस विभाग में कार्यरत हैं और वर्तमान में बनारस में तैनात हैं। उनके बेटों के नाम भी इस मामले में सामने आए हैं। जांच में हथियार लाइसेंसी पाए गए हैं। पुलिस ने केशव उर्फ रमेश व्यास, प्रमोद तिवारी, आयुष तिवारी, प्रियांजल तिवारी और भोला तिवारी समेत कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ 27 नवंबर को FIR दर्ज की है।

पांच आरोपियों की तलाश में पुलिस की टीमें, लाइसेंस भी होंगे रद्द

पुलिस ने सभी पांच नामजद आरोपियों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। उनकी गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें लगाई गई हैं। एसपी ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक स्थान पर हथियारों का इस तरह प्रदर्शन करना कानून का उल्लंघन है। आरोपियों के शस्त्र लाइसेंस निरस्त कराने के लिए संबंधित जिलों के जिलाधिकारियों को पत्र भेजने की तैयारी है। फिलहाल पुलिस फरार आरोपियों की तलाश कर रही है। इस घटना ने एक बार फिर जमीन विवाद में हथियारों के इस्तेमाल और कानून व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Read more-दिल्ली में आधी रात को कैसे काल बनी आग? सोते रह गए लोग और चली गई 4 की जान! घर में मची चीख-पुकार

Related articles

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

0FansLike
0FollowersFollow
0FollowersFollow
0SubscribersSubscribe

Latest posts