मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले से एक बेहद दर्दनाक और रूह कंपा देने वाली घटना सामने आई है, जिसने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है। जिले के ग्राम अमोदा में मानसिक रूप से विक्षिप्त एक 32 वर्षीय युवक ने अपने ही परिवार के चार सदस्यों की डंडे से पीट-पीटकर बेरहमी से हत्या कर दी। इस खौफनाक वारदात में युवक की 70 वर्षीय नानी भन्नी बाई, 75 वर्षीय नाना संपत सिंह, 50 वर्षीय मां अनूपिया बाई और ममेरी बहन मोनिका की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और ग्रामीणों के बीच भारी दहशत का माहौल बना हुआ है।
रात में किया था पुजारी पर हमला
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी प्रेम सिंह गोंड कुछ समय से अपनी बीमार मां के साथ अपने नाना-ननी के घर रह रहा था। शुक्रवार की देर रात उसने अचानक गांव के मंदिर के पुजारी गंगा सिंह पर डंडे से ताबड़तोड़ हमला कर दिया था, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। पुजारी पर हमले के बाद आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने मिलकर आरोपी प्रेम सिंह के हाथ-पैर रस्सी से बांध दिए ताकि वह किसी और को नुकसान न पहुँचा सके। परिवार ने उसे शांत समझकर घर के एक कोने में बैठा दिया था ताकि सुबह होने पर कोई उचित कदम उठाया जा सके।
रस्सी खुलते ही तांडव मचाकर चार की ली जान और कई को किया घायल
शनिवार की सुबह करीब चार से पाँच बजे के बीच, मां अनूपिया बाई को यह भ्रम हुआ कि अब उसका बेटा शांत हो गया है और वह किसी को नहीं मारेगा। ममता में अंधी होकर मां ने अपने ही हाथों से बेटे के हाथ-पैरों की रस्सियां खोल दीं। रस्सी खुलते ही आरोपी प्रेम सिंह एक खूंखार जानवर की तरह परिवार पर कहर बनकर टूट पड़ा। उसने सबसे पहले अपनी नानी पर डंडे से हमला किया, और बीच-बचाव करने दौड़े नाना, मां तथा ममेरी बहनों को भी नहीं बख्शा। इस खूनी तांडव में चार लोगों की जान चली गई, जबकि मामा चैन सिंह सहित अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए जिन्हें इलाज के लिए शहडोल मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
पुलिस अधीक्षक ने मौके पर पहुंचकर लिया स्थिति का जायजा
घायलों और परिजनों ने बताया कि आरोपी प्रेम सिंह की मानसिक स्थिति लंबे समय से ठीक नहीं चल रही थी। उसकी हरकतों से परेशान होकर उसकी पत्नी भी करीब तीन साल पहले उसे छोड़कर जा चुकी थी। घटना की सूचना मिलते ही अनूपपुर के पुलिस अधीक्षक विक्रांत मुराब तुरंत भारी पुलिस बल और फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुँचे और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए हैं, जबकि डरे-सहमे ग्रामीण इस भयानक हादसे के बाद से सदमे में हैं। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।
Read more-यमुना पुल पर डंपर से भिड़ी क्रेटा कार के उड़े परखच्चें, तीन लोगों की मौके पर मौत
