लद्दाख स्वायत्त पहाड़ी विकास परिषद (LAHDC) चुनाव को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। भारतीय जनता पार्टी के बाद अब कांग्रेस ने भी चुनाव में अपनी पहली जीत दर्ज कर ली है। कारगिल की लोत्सुम सीट से कांग्रेस उम्मीदवार सैयद बानू निर्विरोध निर्वाचित हुई हैं। खास बात यह है कि उन्हें जीत हासिल करने के लिए मतदान का सामना नहीं करना पड़ा। 20 नवंबर को नामांकन वापस लेने की अंतिम तारीख समाप्त होने के बाद उनकी जीत का रास्ता साफ हो गया। इससे पहले भाजपा उम्मीदवार दोरजे अंगचुक भी चांगथांग क्षेत्र की समद-खरनाक सीट से निर्विरोध चुने जा चुके हैं। इस तरह मतदान से पहले ही दोनों प्रमुख दलों के खाते में एक-एक सीट आ गई है।
महिलाओं के लिए आरक्षित सीट पर कांग्रेस उम्मीदवार की जीत
कारगिल की लोत्सुम सीट निर्वाचन क्षेत्र संख्या सात है और यह महिलाओं के लिए आरक्षित रखी गई थी। इस क्षेत्र में लोत्सुम, ताचा और स्कम्बु पंचायत हलके शामिल हैं। कांग्रेस के लिए यह जीत इसलिए भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है, क्योंकि मतदान से पहले ही पार्टी को एक सीट पर सफलता मिल गई है। दूसरी तरफ खांगराल, शाकर और चिकतान निर्वाचन क्षेत्रों में स्थानीय बहिष्कार के आह्वान के चलते किसी भी उम्मीदवार ने नामांकन दाखिल नहीं किया। इन घटनाओं ने चुनावी मुकाबले को और दिलचस्प बना दिया है। अब सभी की नजरें बाकी सीटों पर होने वाले मतदान और राजनीतिक दलों के प्रदर्शन पर टिकी हैं।
4 दिसंबर को होगा मतदान, अब कितनी सीटों पर होगी टक्कर?
लद्दाख की आठ पहाड़ी विकास परिषदों की कुल 100 सीटों के लिए चुनावी प्रक्रिया चल रही है। दो उम्मीदवारों के निर्विरोध चुने जाने और तीन निर्वाचन क्षेत्रों में नामांकन नहीं होने के बाद अब अधिकतम 95 सीटों पर मतदान होने की संभावना है। कारगिल परिषद की कुल 21 सीटों में से 17 सीटों पर 4 दिसंबर 2026 को वोट डाले जाएंगे। नामांकन प्रक्रिया से पहले आठ परिषदों के 100 निर्वाचन क्षेत्रों में कुल 541 उम्मीदवारों ने पर्चे दाखिल किए थे। अब मुकाबले की तस्वीर काफी हद तक साफ होने लगी है। हालांकि, अंतिम उम्मीदवारों की आधिकारिक सूची जारी होने के बाद ही सभी सीटों की स्थिति पूरी तरह स्पष्ट होगी। चुनाव के नतीजे यह बताएंगे कि लद्दाख की पहाड़ी परिषदों में किस राजनीतिक दल को जनता का सबसे ज्यादा समर्थन मिलता है।
