सोशल मीडिया पर तेजी से चर्चा में आई ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ अब नए विवादों में घिरती नजर आ रही है। कुछ ही दिनों में लाखों नहीं बल्कि करोड़ों लोगों तक पहुंचने वाली इस पार्टी को लेकर अब पाकिस्तान कनेक्शन के आरोप लगाए गए हैं। दिल्ली बीजेपी के एक नेता ने दावा किया है कि इस पार्टी के सोशल मीडिया फॉलोअर्स में बड़ी संख्या पाकिस्तान से जुड़ी हुई है। नेता ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक कथित डेटा इमेज शेयर करते हुए पार्टी को “पाकिस्तान जनता पार्टी” तक बता दिया। इसके बाद इंटरनेट पर बहस और तेज हो गई है। कोई इसे विदेशी समर्थन बता रहा है तो कुछ लोग इसे सिर्फ सोशल मीडिया ट्रेंड मान रहे हैं।
वायरल डेटा में क्या-क्या दावा किया गया?
बीजेपी नेता द्वारा शेयर किए गए कथित Insight Data के मुताबिक, कॉकरोच जनता पार्टी के इंस्टाग्राम फॉलोअर्स में करीब 49 प्रतिशत लोग पाकिस्तान से बताए गए हैं। वहीं अमेरिका और बांग्लादेश से 14-14 प्रतिशत फॉलोअर्स होने का दावा किया गया। भारत से केवल 9 प्रतिशत फॉलोअर्स दिखाए गए हैं। इसके अलावा यूके, ऑस्ट्रेलिया, सऊदी अरब और यूएई से भी समर्थकों की संख्या बताई गई है। हालांकि इस डेटा की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन सोशल मीडिया पर यह स्क्रीनशॉट तेजी से वायरल हो रहा है। कई यूजर्स सवाल उठा रहे हैं कि आखिर एक मजाक के तौर पर शुरू हुई पार्टी को इतनी बड़ी अंतरराष्ट्रीय पहुंच कैसे मिल गई। वहीं कुछ लोग इसे डिजिटल कैंपेन और एल्गोरिद्म का असर बता रहे हैं।
कैसे शुरू हुई ‘कॉकरोच जनता पार्टी’?
दरअसल, इस पूरे विवाद की शुरुआत 15 मई 2026 को हुई थी। सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई के दौरान जस्टिस सूर्यकांत ने कथित तौर पर बेरोजगार और फर्जी डिग्री रखने वालों की तुलना ‘कॉकरोच’ और ‘परजीवी’ से कर दी थी। बाद में उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका बयान केवल फर्जी डिग्री वालों के लिए था, लेकिन सोशल मीडिया पर इस बयान को अलग तरीके से पेश किया गया। इसके बाद कुछ युवाओं ने व्यंग्य के तौर पर ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ नाम से सोशल मीडिया कैंपेन शुरू कर दिया। देखते ही देखते यह ट्रेंड वायरल हो गया और पार्टी का इंस्टाग्राम पेज लाखों लोगों तक पहुंच गया। हाल ही में दिल्ली के कालिंदी कुंज इलाके में कुछ युवाओं ने कॉकरोच की ड्रेस पहनकर यमुना सफाई अभियान भी चलाया था, जिसका वीडियो काफी वायरल हुआ।
एक्स अकाउंट ब्लॉक होने के बाद और बढ़ी चर्चा
कॉकरोच जनता पार्टी को लेकर विवाद तब और बढ़ गया जब इसका एक्स अकाउंट सस्पेंड कर दिया गया। इसके बाद समर्थकों ने इसे अभिव्यक्ति की आजादी का मुद्दा बताया, जबकि विरोध करने वालों ने इसे सोशल मीडिया पर फैलाया गया राजनीतिक ड्रामा करार दिया। अब पाकिस्तान कनेक्शन वाले दावों ने इस पूरे मामले को नया मोड़ दे दिया है। फिलहाल पार्टी से जुड़े लोगों की तरफ से इन आरोपों पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। लेकिन इतना तय है कि सोशल मीडिया पर शुरू हुआ यह मजाक अब राजनीतिक बहस का हिस्सा बन चुका है और आने वाले दिनों में यह मामला और गर्मा सकता है।
READ MORE-यमुना किनारे अचानक पहुंच गए ‘कॉकरोच’, फिर जो हुआ उसका वीडियो इंटरनेट पर मचा रहा तहलका
