बिहार की हॉट सीट माने जाने वाली बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के शुरुआती रुझान और मतगणना में जन सुराज के प्रत्याशी प्रशांत किशोर की बढ़त ने सियासी गलियारों में हलचल पैदा कर दी है। आधिकारिक घोषणा से पहले ही महागठबंधन की ओर से इस पर पहली बड़ी प्रतिक्रिया सामने आ गई है। मुकेश सहनी की पार्टी विकासशील इंसान पार्टी (VIP) ने आगे आकर प्रशांत किशोर को जीत की अग्रिम बधाई दी है। वीआईपी के राष्ट्रीय मुख्य प्रवक्ता देव ज्योति ने एक आधिकारिक बयान जारी कर कहा कि बांकीपुर की जनता ने बदलाव का स्पष्ट मन बना लिया है और यह परिणाम सीधे तौर पर जन सुराज के पक्ष में जाता दिख रहा है।
‘यह लोकतंत्र की जीत और बीजेपी के अहंकार की हार’ – देव ज्योति
वीआईपी के राष्ट्रीय मुख्य प्रवक्ता देव ज्योति ने तीखा हमला बोलते हुए इस चुनावी रुझान को बीजेपी के अहंकार की हार करार दिया है। उन्होंने कहा कि जनता ने अपने मताधिकार का सही इस्तेमाल करके यह संदेश दे दिया है कि सत्ता का घमंड और जनविरोधी नीतियां लंबे समय तक नहीं टिक सकतीं। देव ज्योति ने बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के संविधान का जिक्र करते हुए कहा कि लोकतंत्र में सबसे बड़ी ताकत आम नागरिक का वोट होता है। बांकीपुर की जनता ने यह साबित कर दिया है कि लोकतंत्र में अंतिम फैसला हमेशा जनता का ही होता है, न कि सत्ता में बैठे लोगों के अहंकार का।
निषाद आरक्षण और सामाजिक न्याय की आगे की लड़ाई
इस बयान के दौरान वीआईपी पार्टी ने अपने मुख्य मुद्दों को भी मजबूती से उठाया। प्रवक्ता देव ज्योति ने स्पष्ट किया कि विकासशील इंसान पार्टी लगातार निषाद समाज के आरक्षण की मांग को लेकर संघर्ष कर रही है। समाज के हर वर्ग के अधिकार, सम्मान और उनकी हिस्सेदारी की इस लड़ाई को अब और अधिक मजबूती के साथ आगे बढ़ाया जाएगा। पार्टी का मानना है कि बांकीपुर के इस राजनीतिक घटनाक्रम से राज्य की राजनीति में एक नया समीकरण उभर रहा है, जो आने वाले समय में प्रदेश की अन्य सीटों और चुनावों पर भी गहरा असर डालेगा।
बीजेपी का पलटवार: ‘अभी कई राउंड बाकी हैं, अंत में हमारी ही जीत होगी’
एक तरफ जहां महागठबंधन और जन सुराज खेमे में उत्साह का माहौल है, वहीं दूसरी ओर भारतीय जनता पार्टी ने इन शुरुआती रुझानों को खारिज किया है। बीजेपी नेता मृत्युंजय तिवारी ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि अभी मतगणना के कई राउंड बाकी हैं, इसलिए किसी भी नतीजे पर पहुंचने से पहले थोड़ा इंतजार करना चाहिए। उन्होंने दावा किया कि अंतिम परिणामों में बीजेपी उम्मीदवार ही बाजी मारेगा। इसके साथ ही उन्होंने विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि युवाओं को भ्रमित करने की कोशिश की गई थी, लेकिन जनता सब समझती है और पार्टी इन तमाम पहलुओं पर अपनी समीक्षा भी करेगी।
Read more-पप्पू यादव पर हमले के बाद तनाव: समर्थकों ने आरोपी की जमकर की पिटाई
