मध्य प्रदेश के इंदौर से रिश्तों को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। यहां बहन के प्रेम विवाह से नाराज एक 16 साल के नाबालिग ने अपने ही जीजा की चाकू मारकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान 22 वर्षीय दीपक के रूप में हुई है, जिसने करीब दो साल पहले गायत्री से प्रेम विवाह किया था। बताया जा रहा है कि इस शादी से लड़की का परिवार शुरुआत में नाराज था। हालांकि, समय बीतने के साथ दोनों परिवारों के बीच बातचीत फिर शुरू हो गई थी, लेकिन नाबालिग के मन में जीजा को लेकर नाराजगी बनी हुई थी।
ससुराल में चल रहा था भजन-कीर्तन, तभी मची चीख-पुकार
यह वारदात इंदौर के खुड़ैल थाना क्षेत्र स्थित नीलगिरी परिसर की है। बुधवार को दीपक अपनी बड़ी सास रामकन्या की बाहरवीं में शामिल होने परिवार के बीच पहुंचा था। रात को घर में भजन-कीर्तन का कार्यक्रम चल रहा था। इसी दौरान देर रात करीब दो बजे अचानक दीपक के चिल्लाने की आवाज सुनाई दी। आवाज सुनकर घर के लोग बाहर पहुंचे तो वहां का नजारा देखकर सभी के होश उड़ गए। दीपक जमीन पर खून से लथपथ पड़ा था। आरोप है कि टेंट की आड़ में उस पर चाकू से हमला किया गया था।
अस्पताल पहुंचने से पहले नहीं बच सकी दीपक की जान
घटना के बाद परिजन आनन-फानन में दीपक को अस्पताल लेकर पहुंचे। डॉक्टरों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन गंभीर चोटों के कारण उसकी मौत हो गई। परिवार में खुशी और धार्मिक कार्यक्रम का माहौल कुछ ही देर में मातम में बदल गया। सूचना मिलने पर खुड़ैल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल से जुड़े साक्ष्य जुटाए और पूछताछ के आधार पर मृतक के 16 वर्षीय साले को अभिरक्षा में ले लिया।
पूछताछ में सामने आई विवाद की वजह, पुलिस ने बरामद किया चाकू
टीआई करणी सिंह शक्तावत के मुताबिक, शुरुआती पूछताछ में नाबालिग ने बताया कि दीपक उससे बात नहीं करने को लेकर धमका रहा था। इसी बात पर दोनों के बीच विवाद हुआ और गुस्से में उसने सब्जी काटने वाले चाकू से जीजा पर हमला कर दिया। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद कर लिया है। फिलहाल पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। बहन की शादी को लेकर शुरू हुई नाराजगी का इस तरह हिंसक घटना में बदल जाना पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है।
Read more-बेटी की हत्या के आरोपी दामाद के साथ फरार हुई सास! बीमार पति को छोड़कर ले गई लाखों के पुश्तैनी जेवर
