कोलकाता के आनंदपुर इलाके में गणतंत्र दिवस की सुबह एक बहुत बड़ा और दर्दनाक हादसा हुआ। यहां एक मोमो बनाने की फैक्ट्री और गोदाम में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि 15 घंटे बीत जाने के बाद भी दमकल विभाग उसे पूरी तरह बुझा नहीं सका। इस हादसे में अब तक सात लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि करीब 20 लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं। आग लगते ही पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। चारों तरफ धुआं फैल गया और लोग घरों से बाहर निकल आए। मौके पर दमकल की कई गाड़ियां, पुलिस और राहत टीमें लगातार काम कर रही हैं। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि अंदर काम कर रहे कर्मचारियों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिल सका।
फैक्ट्री में रखा सामान बना आग की वजह
जानकारी के मुताबिक, यह हादसा तड़के करीब तीन बजे हुआ, जब फैक्ट्री में नाइट शिफ्ट चल रही थी। अचानक आग लगी और कुछ ही मिनटों में उसने पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया। फैक्ट्री के अंदर बड़ी मात्रा में पाम ऑयल, गैस सिलेंडर और अन्य ज्वलनशील सामान रखा हुआ था। यही कारण रहा कि आग बहुत तेजी से फैल गई और जोरदार धमाकों की आवाजें भी सुनाई दीं। संकरी गलियों और घने धुएं की वजह से दमकल कर्मियों को आग बुझाने में काफी परेशानी हो रही है। मलबा हटाने के लिए जेसीबी मशीनों का इस्तेमाल किया जा रहा है और अंदर फंसे लोगों की तलाश के लिए कैमरों की मदद ली जा रही है। पुलिस का कहना है कि जो शव मिले हैं, वे बुरी तरह झुलस चुके हैं, इसलिए उनकी पहचान करना मुश्किल हो रहा है।
‘गेट बाहर से बंद था’, परिजनों के गंभीर आरोप
इस हादसे के बाद फैक्ट्री प्रबंधन पर लापरवाही के गंभीर आरोप लगे हैं। लापता कर्मचारी पंकज हलदार के परिवार वालों ने बताया कि पंकज ने आग लगने के समय तड़के करीब साढ़े तीन बजे फोन किया था। उसने कहा था कि फैक्ट्री का मुख्य गेट बाहर से बंद है और अंदर फंसे लोग दीवार तोड़कर बाहर निकलने की कोशिश कर रहे हैं। इस बात के सामने आने के बाद लोगों में गुस्सा और बढ़ गया है। पुलिस ने गेट बंद होने के आरोपों की जांच शुरू कर दी है। अगर जांच में यह बात सही पाई जाती है, तो फैक्ट्री मालिकों के खिलाफ गैर-इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया जा सकता है। मुख्यमंत्री कार्यालय भी इस पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है। लोग सवाल उठा रहे हैं कि क्या फैक्ट्री में सुरक्षा के सही इंतजाम थे और क्या कर्मचारियों की जान को खतरे में डालकर उनसे काम कराया जा रहा था।
मल्लिक बाजार में भी आग, शहर में डर का माहौल
आनंदपुर की घटना के बीच कोलकाता के मल्लिक बाजार इलाके में भी आग लगने से हड़कंप मच गया। यहां एक चार मंजिला इमारत में अचानक आग भड़क उठी। यह इलाका काफी भीड़भाड़ वाला है, इसलिए लोगों में डर फैल गया। दमकल की तीन गाड़ियों ने काफी मेहनत के बाद आग पर काबू पाया। संकरी गलियों की वजह से दमकल कर्मियों को पास की इमारत की छत से पानी डालना पड़ा। सुरक्षा के तौर पर इमारत और आसपास के घरों को खाली करा लिया गया। शुरुआती जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है, हालांकि इसकी पूरी जांच अभी जारी है। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के घायल होने की खबर नहीं है। एक ही दिन में शहर में दो जगह आग लगने की घटनाओं ने प्रशासन और सुरक्षा व्यवस्था पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
