उत्तर भारत इस समय कड़ाके की ठंड की चपेट में है और लोगों की कंपकंपी अभी थमी भी नहीं थी कि बारिश की चेतावनी ने चिंता और बढ़ा दी है। राजधानी दिल्ली, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब और बिहार में सर्दी अपने पीक पर पहुंच चुकी है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने अगले 72 घंटों के भीतर उत्तर भारत के 6 राज्यों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। इसके साथ ही यूपी, पंजाब, हरियाणा और राजस्थान में शीतलहर जारी रहने की चेतावनी भी दी गई है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से न केवल बारिश होगी, बल्कि ठंड में भी और इजाफा देखने को मिल सकता है। ऐसे में आने वाले दिन आम लोगों के लिए और ज्यादा मुश्किल भरे हो सकते हैं।
दिल्ली-एनसीआर में ठंड का रिकॉर्ड, सुबह-शाम सबसे ज्यादा असर
दिल्ली और आसपास के इलाकों में ठंड ने इस सीजन के कई पुराने रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। 15 जनवरी की सुबह राजधानी में न्यूनतम तापमान 2.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस सर्दी की सबसे ठंडी सुबह रही। इससे पहले जनवरी 2013 में न्यूनतम तापमान 2.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा था। दिन के समय भले ही हल्की धूप निकल रही है, लेकिन सुबह और शाम के वक्त ठंड बेहद तीखी हो जाती है। मौसम विभाग के मुताबिक आज और अगले कुछ दिनों तक दिल्ली-एनसीआर में मौसम का मिजाज लगभग ऐसा ही बना रहेगा। कोहरे की वजह से दृश्यता भी कई इलाकों में कम दर्ज की गई है, जिससे सड़क और रेल यातायात पर असर पड़ रहा है।
उत्तर प्रदेश में मौसम का यू-टर्न, कोहरे और बारिश का अलर्ट
उत्तर प्रदेश में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। बीते कुछ दिनों से दोपहर में धूप निकलने से लोगों को राहत मिलने लगी थी, लेकिन गुरुवार रात से ठंड में अचानक बढ़ोतरी दर्ज की गई। शुक्रवार सुबह कई जिलों में घना कोहरा छाया रहा। मौसम विभाग के अनुसार 19 और 20 जनवरी को यूपी के कुछ हिस्सों में बारिश हो सकती है, जिससे ठंड और ज्यादा बढ़ने की आशंका है। राजधानी लखनऊ में दिन और रात के तापमान में बड़ा अंतर देखने को मिल रहा है। बुधवार रात सीजन की सबसे ठंडी रात रही, जब न्यूनतम तापमान 5.5 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया। वहीं गुरुवार को दिन में धूप खिलने से अधिकतम तापमान 20.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, आसमान साफ होने के कारण दिन में तेजी से गर्मी और रात में उतनी ही तेजी से ठंड बढ़ रही है, जिससे यह अंतर साफ नजर आ रहा है।
पहाड़ों तक बारिश और बर्फबारी की संभावना
पंजाब और हरियाणा में भी ठंड का कहर जारी है। गुरुवार को हिसार दोनों राज्यों में सबसे ठंडा इलाका रहा, जहां न्यूनतम तापमान सामान्य से 6 डिग्री नीचे गिरकर 0.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हरियाणा के नारनौल में पारा 1.5 डिग्री और नूंह में 4.6 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि अगले 72 घंटों में जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में बारिश के साथ बर्फबारी हो सकती है। उत्तराखंड में भी अलग-अलग जगहों पर बारिश और बर्फ गिरने की संभावना है। इसके अलावा 18 से 20 जनवरी के बीच पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में, जबकि 19 और 20 जनवरी को पश्चिमी उत्तर प्रदेश और पूर्वी राजस्थान में भी बारिश हो सकती है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार यह बदलाव ठंड को और ज्यादा तीखा बना सकता है, इसलिए लोगों को सतर्क रहने और मौसम अपडेट पर नजर बनाए रखने की सलाह दी गई है।
