आज के इस डिजिटल दौर में ऑनलाइन शॉपिंग हमारी जिंदगी का एक अहम हिस्सा बन चुकी है। राशन से लेकर कपड़ों तक, हर छोटी-बड़ी चीज एक क्लिक पर हमारे घर के दरवाजे तक पहुंच जाती है। सुविधा के इस दौर में सुरक्षा को लेकर हम अक्सर बेफिक्र हो जाते हैं, लेकिन कई बार यही बेफिक्री किसी बड़े खतरे की वजह बन जाती है। टेक सिटी बेंगलुरु से एक ऐसा ही दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जिसने घर बैठे सामान मंगाने वाली महिलाओं की सुरक्षा पर एक बड़ा सवालिया निशान खड़ा कर दिया है। यहां एक डिलीवरी एजेंट ने पार्सल पहुंचाने के बाद जो हरकत की, उसने न सिर्फ एक महिला को मानसिक सदमा दिया, बल्कि पूरे देश को हैरान कर दिया है।
वॉशरूम जाने का बहाना और फिर जबरन एंट्री
पीड़ित महिला ने सोशल मीडिया के जरिए अपनी इस भयानक आपबीती को दुनिया के सामने रखा है। महिला के अनुसार, एक डिलीवरी एजेंट उनका ऑर्डर किया हुआ पार्सल देने के लिए फ्लैट पर आया था। पार्सल देने के बाद उसने महिला से बेहद सामान्य लहजे में टॉयलेट इस्तेमाल करने की इजाजत मांगी। चूंकि महिला घर में अकेली थी, इसलिए उसने अजनबी पुरुष को घर के अंदर आने देने से साफ इनकार कर दिया। महिला ने सुरक्षा के लिहाज से उसे पड़ोस में रहने वाले पुरुषों से मदद मांगने की सलाह भी दी। लेकिन डिलीवरी बॉय की नीयत कुछ और ही थी। महिला के बार-बार मना करने के बावजूद, उसने जबरदस्ती अपनी चप्पलें उतारीं और बिना इजाजत घर के भीतर घुस गया।
मर्यादा की सारी हदें पार, टॉयलेट से निकलते ही की अश्लील हरकत
महिला ने अपनी पोस्ट में उस खौफनाक मंजर का जिक्र किया है जो टॉयलेट से बाहर आने के बाद डिलीवरी एजेंट ने किया। महिला का आरोप है कि जैसे ही वह शख्स वॉशरूम से बाहर निकला, उसने मर्यादा की सारी हदें पार करते हुए अपने प्राइवेट पार्ट्स महिला को दिखाए और अश्लील हरकतें करने लगा। इस अचानक हुए हमले और बदतमीजी से महिला पूरी तरह सहम गई। उसने लिखा कि उस वक्त वह गहरे सदमे और अपमान से भर गई थी। अपने ही आशियाने में, जहां इंसान खुद को सबसे ज्यादा सुरक्षित महसूस करता है, वहां वह पूरी तरह लाचार और असुरक्षित महसूस कर रही थी।
सूझबूझ से बची जान, बेंगलुरु पुलिस ने लिया कड़ा संज्ञान
डर के उस माहौल में भी महिला ने गजब की सूझबूझ दिखाई। उसने हिम्मत नहीं हारी और तुरंत अपने मोबाइल फोन का कैमरा ऑन कर लिया। इसके साथ ही उसने घर का मुख्य दरवाजा पूरा खोल दिया और गेट के पास जाकर खड़ी हो गई, ताकि कोई अनहोनी होने पर वह तुरंत बाहर भागकर शोर मचा सके। इस चालाकी के कारण आरोपी वहां से भाग निकला। इस घटना के सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद बेंगलुरु पुलिस तुरंत हरकत में आ गई है। पुलिस ने महिला की पोस्ट पर संज्ञान लेते हुए उनसे संपर्क किया है और आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू करने के लिए जरूरी विवरण मांगे हैं। पुलिस फिलहाल मामले की गहराई से जांच कर रही है।
Read more-छुट्टी पर घर लौटा था फौजी बेटा, लेकिन सुबह-सुबह गुंजी गोलियों की आवाज, पिता-पुत्र की मौत
