बिजनौर के कोतवाली देहात इलाके के एक गांव में मस्जिद परिसर में पुराने कुएं के होने के दावे को लेकर मामला चर्चा में है। हिंदू रक्षा दल ने इस संबंध में जिलाधिकारी को ज्ञापन देकर जांच की मांग की थी। संगठन का कहना है कि परिसर में मौजूद कुआं काफी पुराना है और पहले वहां धार्मिक परंपराओं से जुड़े आयोजन होते थे। शिकायत मिलने के बाद प्रशासन की टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और मामले की जांच शुरू कर दी। अभी कुएं से जुड़े दावे की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
हनुमान चालीसा के ऐलान से बढ़ी पुलिस की निगरानी
मामले की जांच चल ही रही थी कि हिंदू रक्षा दल की ओर से सोशल मीडिया पर लक्खुवाला से बनखला तक हनुमान चालीसा पाठ करने का आह्वान किया गया। इसकी जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा बढ़ा दी। मंगलवार सुबह से गांव और मस्जिद के आसपास पुलिसकर्मियों की तैनाती कर दी गई। अधिकारियों ने इलाके में फ्लैग मार्च भी किया। दूसरी तरफ मस्जिद पक्ष के लोगों ने जिलाधिकारी से मुलाकात कर प्रस्तावित कार्यक्रम को रोकने की मांग की। प्रशासन का उद्देश्य किसी भी तरह के विवाद की स्थिति को रोकना है।
संगठन को तीन दिन का समय, प्रशासन कर रहा जांच
हिंदू रक्षा दल के प्रदेश अध्यक्ष ललित हिंदू और जिलाध्यक्ष कौशिक त्यागी भी कार्यकर्ताओं के साथ गांव पहुंचे। संगठन के पदाधिकारियों के मुताबिक, पुलिस-प्रशासन ने उनसे मामले की जांच के लिए तीन दिन का समय मांगा है। उनका कहना है कि इस अवधि में अगर कार्रवाई नहीं होती है तो संगठन आगे की रणनीति तय करेगा। वहीं पुलिस का कहना है कि फिलहाल गांव में स्थिति सामान्य है। प्रशासन पूरे मामले को जांच के आधार पर आगे बढ़ा रहा है और बिना अनुमति किसी धार्मिक कार्यक्रम की इजाजत नहीं दी जाएगी। अधिकारियों ने कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों पर कार्रवाई की बात कही है।
Read more-नाबालिग छात्रा से बदसलूकी करने वाले मुख्य आरोपी को पुलिस ने मारी गोली, तो BJP ने शेयर किया ये Video
