भारत ए और ऑस्ट्रेलिया ए के बीच जारी चार दिवसीय अनऑफिशियल टेस्ट सीरीज के दूसरे मुकाबले से पहले एक बड़ा बदलाव हुआ है। टीम इंडिया ए के कप्तान श्रेयस अय्यर ने मैच से ठीक पहले न सिर्फ कप्तानी छोड़ी, बल्कि अचानक टीम से अलग होकर मुंबई लौट गए। उनकी जगह उप-कप्तान ध्रुव जुरेल को टीम की कमान सौंपी गई है। अय्यर की वापसी के कारणों को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है, लेकिन अंदरूनी सूत्र इसे पर्सनल वजह बता रहे हैं। हालांकि, इस फैसले ने फैंस और क्रिकेट विश्लेषकों को हैरान जरूर कर दिया है।
फॉर्म में गिरावट या रणनीति का हिस्सा?
श्रेयस अय्यर का हालिया फॉर्म कुछ खास नहीं रहा है। पहले अनऑफिशियल टेस्ट में वह महज 8 रन ही बना सके थे, जबकि दलीप ट्रॉफी में भी उनका प्रदर्शन औसत रहा। बावजूद इसके चयनकर्ताओं की नजरें अब भी उन पर बनी हुई हैं, क्योंकि उन्होंने साल की शुरुआत में चैंपियंस ट्रॉफी और आईपीएल में बेहतरीन प्रदर्शन किया था। ऐसे में सवाल यह भी उठ रहे हैं कि क्या अय्यर का हटना सिर्फ पर्सनल कारणों की वजह से है या यह एक रणनीतिक ब्रेक का हिस्सा हो सकता है जिससे वे वेस्टइंडीज दौरे के लिए खुद को तैयार कर सकें?
टीम में बदलाव और सामने आई चुनौती
अय्यर की अनुपस्थिति टीम इंडिया ए के लिए एक बड़ा मानसिक और रणनीतिक झटका हो सकती है। हालांकि टीम में एक और अहम बदलाव हुआ है – मोहम्मद सिराज की वापसी। उन्हें खलील अहमद की जगह शामिल किया गया है, जिससे तेज गेंदबाजी को मजबूती मिलेगी। ध्रुव जुरेल के पास अब खुद को एक लीडर के तौर पर साबित करने का मौका है, और साथ ही बाकी युवा खिलाड़ियों के लिए यह सीरीज एक बड़ा मंच है जहां वे अपने खेल से चयनकर्ताओं को प्रभावित कर सकते हैं।
Read more-तेजस्वी की सभा में अपशब्दों का तूफान! तेज प्रताप की चेतावनी- ‘जेल भेजो नहीं तो होगा बड़ा आंदोलन’
