IND vs PAK: भारत और पाकिस्तान के बीच क्रिकेट मुकाबला हो और कोई विवाद या चर्चा न हो, ऐसा कम ही देखने को मिलता है। 5 सितंबर को दुबई में खेले गए महिला एशिया कप 2026 के मुकाबले में भी खिलाड़ियों के बीच हैंडशेक नहीं हुआ। भारत ने पाकिस्तान को 7 विकेट से हराया, लेकिन मैच के नतीजे से ज्यादा दोनों टीमों के खिलाड़ियों के हाथ नहीं मिलाने की तस्वीर चर्चा में रही। ऑपरेशन सिंदूर के बाद भारत और पाकिस्तान (IND vs PAK) के बीच खेले गए मुकाबलों में यह लगातार आठवां मैच बताया जा रहा है, जिसमें हैंडशेक की परंपरा देखने को नहीं मिली।
टॉस से लेकर मैच खत्म होने तक नहीं मिला हाथ
दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में IND vs PAK मुकाबले के दौरान टॉस के वक्त भी दोनों कप्तानों के बीच हैंडशेक नहीं हुआ। भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर और पाकिस्तान की कप्तान फातिमा सना टॉस के लिए आमने-सामने आईं, लेकिन दोनों ने हाथ नहीं मिलाया। मैच खत्म होने के बाद भी भारतीय टीम पाकिस्तान की खिलाड़ियों से हाथ मिलाए बिना ड्रेसिंग रूम की ओर चली गई। आमतौर पर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में टॉस और मैच समाप्त होने के बाद खिलाड़ियों के बीच हाथ मिलाने की परंपरा होती है।
ऑपरेशन सिंदूर के बाद शुरू हुआ सिलसिला
भारत और पाकिस्तान (IND vs PAK) के बीच हैंडशेक नहीं होने का सिलसिला मई 2025 में ऑपरेशन सिंदूर के बाद शुरू हुआ। इसके बाद 2025 पुरुष एशिया कप में दोनों टीमों के बीच तीन मुकाबले खेले गए और किसी भी मैच में भारतीय खिलाड़ियों ने पाकिस्तानी खिलाड़ियों से हाथ नहीं मिलाया। इसके बाद महिला विश्व कप, अंडर-19 विश्व कप, टी20 विश्व कप और महिला टी20 विश्व कप के मुकाबलों में भी ऐसी ही तस्वीर देखने को मिली। अब महिला एशिया कप के इस मुकाबले में भी हैंडशेक नहीं हुआ।
Dominating show continues!
Prema Rawat picks her 2nd wicket! 👌
8th success in the field for #TeamIndia! 🙌
Updates ▶️ https://t.co/1WHHWPMe2o#WomensAsiaCup pic.twitter.com/HQyH2yKHxI
— BCCI Women (@BCCIWomen) September 5, 2026
इन 8 मुकाबलों में नहीं हुआ हैंडशेक
ऑपरेशन सिंदूर के बाद IND vs PAK के बीच खेले गए मुकाबलों में यह सिलसिला लगातार देखने को मिला है। इसमें 2025 एशिया कप के तीन मैच, महिला विश्व कप का एक मुकाबला, अंडर-19 विश्व कप का एक मैच, टी20 विश्व कप का एक मुकाबला और महिला टी20 विश्व कप का एक मैच शामिल है। 5 सितंबर को महिला एशिया कप का मुकाबला इस सूची में आठवां मैच रहा। यानी दोनों देशों की टीमों के बीच लगातार आठ मुकाबलों में हैंडशेक नहीं हुआ।
मैदान पर भारत ने पाकिस्तान को 7 विकेट से हराया
हैंडशेक विवाद के बीच IND vs PAK मुकाबले की बात करें तो भारतीय टीम ने मैदान पर शानदार प्रदर्शन किया। पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी की, लेकिन उसकी पूरी टीम 18.1 ओवर में सिर्फ 55 रन पर ऑलआउट हो गई। भारत की ओर से श्री चरणी और प्रेमा रावत ने तीन-तीन विकेट झटके। लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय टीम ने केवल 8.4 ओवर में 3 विकेट खोकर जीत हासिल कर ली। कप्तान हरमनप्रीत कौर ने नाबाद 18 रन बनाकर टीम को जीत तक पहुंचाया।
