सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो में रानू मंडल बेहद साधारण अंदाज में अपने घर में नजर आती हैं। वह चाय बना रही होती हैं, तभी वीडियो बना रहा एक शख्स उनसे 15 अगस्त के मौके पर देशभक्ति गीत गाने की फरमाइश करता है। रानू मंडल पहले उससे तारीख पूछती हैं। जब उन्हें बताया जाता है कि 10 अगस्त है, तो वह मुस्कुराते हुए गाना शुरू कर देती हैं। उनका यह सहज अंदाज लोगों को काफी पसंद आ रहा है।
‘ऐ मेरे वतन के लोगों’ की सुनाई कुछ पंक्तियां
फरमाइश के बाद रानू मंडल ने लता मंगेशकर के मशहूर देशभक्ति गीत ‘ऐ मेरे वतन के लोगों’ की कुछ पंक्तियां गाईं। वीडियो में उन्होंने पूरा गीत नहीं गाया, लेकिन थोड़ी देर की उनकी गायकी ने ही लोगों का ध्यान खींच लिया। उनकी आवाज सुनकर कई सोशल मीडिया यूजर्स ने उनकी पुरानी गायकी को याद किया और उनकी आवाज की तारीफ की। 15 अगस्त के आसपास यह वीडियो सामने आने के कारण भी इसे खूब देखा जा रहा है।
सोशल मीडिया पर जमकर हो रही तारीफ
रानू मंडल के इस वीडियो पर यूजर्स अलग-अलग तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। कई लोगों ने उनकी आवाज को बेहद सुरीला बताया, जबकि कुछ यूजर्स ने उनकी सादगी की तारीफ की। वीडियो के कमेंट सेक्शन में लोग दिल, हाथ जोड़ने और फायर इमोजी के साथ अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं। एक यूजर ने उनकी आवाज की तारीफ करते हुए लिखा कि ऐसा लगता है जैसे उनके कंठ में सरस्वती का वास है।
इंस्टाग्राम पर शेयर हुआ वीडियो
जानकारी के मुताबिक, यह वीडियो इंस्टाग्राम पर sirajashubachchan नाम के अकाउंट से शेयर किया गया है। पोस्ट सामने आने के बाद इसे बड़ी संख्या में लोग देख और लाइक कर चुके हैं। वीडियो पर हजारों कमेंट भी किए गए हैं। रानू मंडल पहले रेलवे स्टेशन पर गाना गाने के एक वीडियो के जरिए सोशल मीडिया पर चर्चा में आई थीं। अब उनका यह देशभक्ति गीत वाला वीडियो एक बार फिर लोगों का ध्यान खींच रहा है।
Read more-अंतिम संस्कार के बाद अब पिता की तेरहवीं तक में नहीं आई बेटिंया, वीडियों काॅल से देखा अस्थि विसर्जन
