हरियाणा के हिसार में कोर्ट परिसर के बाहर दिनदहाड़े हुई फायरिंग से हड़कंप मच गया। पेशी के लिए पहुंचे गैंगस्टर विनोद पानू उर्फ काणा पर बाइक से आए हमलावरों ने अचानक गोलियां चला दीं। बताया जा रहा है कि बदमाशों ने करीब 12 राउंड फायर किए, जिसमें विनोद गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। वारदात के बाद कोर्ट के आसपास अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
बाइक से आए बदमाश और अचानक शुरू कर दी फायरिंग
जानकारी के मुताबिक, विनोद काणा अपने कुछ साथियों के साथ कोर्ट में पेशी के लिए पहुंचा था। इसी दौरान बाइक सवार दो हमलावरों ने उसे निशाना बनाकर फायरिंग शुरू कर दी। अचानक गोलियां चलने से कोर्ट परिसर के बाहर मौजूद वकील और अन्य लोग सुरक्षित जगह की तरफ भागने लगे। फायरिंग के बाद दोनों आरोपी वहां से भागने की कोशिश करने लगे। बताया जा रहा है कि विनोद के साथ मौजूद लोगों ने एक हमलावर का पीछा किया और उसे पकड़ लिया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है, जबकि दूसरे आरोपी की तलाश की जा रही है।
वारदात के वीडियो आए सामने, अस्पताल ले जाते दिखे घायल
घटना के बाद इससे जुड़े कुछ वीडियो भी सामने आए हैं। एक फुटेज में फायरिंग के बाद एक आरोपी को मौके से भागते हुए देखा जा सकता है। इसके बाद कुछ लोग उसका पीछा करते नजर आते हैं। दूसरे वीडियो में घायल विनोद काणा और उसके दो साथियों को फॉर्च्यूनर गाड़ी से अस्पताल ले जाते हुए देखा गया। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, घटना की वजह और हमले में शामिल सभी लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है। पुलिस मौके के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि हमलावरों की गतिविधियों और वारदात से पहले की पूरी स्थिति का पता लगाया जा सके।
विनोद काणा पर दर्ज थे करीब 40 आपराधिक मामले
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, विनोद पानू उर्फ काणा हिसार का चर्चित बदमाश था और उसके खिलाफ हत्या समेत करीब 40 मामले दर्ज थे। इनमें कई गंभीर आपराधिक मामले शामिल बताए जाते हैं। हिसार के एएसपी मयंक मुदगिल के अनुसार, पुलिस ने फायरिंग में शामिल एक आरोपी को पकड़ लिया है और दूसरे की तलाश चल रही है। बताया जाता है कि साल 2017 में विनोद काणा पर सात लाख रुपये का इनाम भी घोषित था। उस समय CIA टीम ने उसे झज्जर के भड़ावास इलाके से गिरफ्तार किया था। पुलिस ने उसके साथ कई अन्य आरोपियों को भी पकड़ा था और हथियार बरामद करने का दावा किया था।
विधायक के PA के भतीजे की हत्या में भी आया था नाम
विनोद काणा पर हिसार के प्रॉपर्टी डीलर संजय उर्फ बिट्टू शर्मा की हत्या का भी आरोप लगा था। पुलिस के अनुसार, जनवरी 2014 में पुष्पा कॉम्प्लेक्स स्थित उनके कार्यालय में गोली मारकर हत्या की गई थी। उस समय संजय शर्मा के साथ उनके कारोबारी सहयोगी भी मौजूद थे। जांच के दौरान इस मामले में विनोद काणा और उसके साथियों के नाम सामने आए थे। संजय शर्मा, हिसार की विधायक सावित्री जिंदल के तत्कालीन PA ललित शर्मा के भतीजे बताए जाते हैं। अब कोर्ट के बाहर हुई गैंगवार जैसी इस वारदात के बाद पुलिस हत्या के पीछे की वजह, हमलावरों के नेटवर्क और पुरानी रंजिश समेत कई पहलुओं की जांच कर रही है।
Read more-लिफ्ट से बाहर निकलने ही वाली थी महिला, तभी हुआ कुछ ऐसा… CCTV में कैद हुआ मौत का खौफनाक मंजर
