Bihar News: बिहार के पूर्णिया में घरेलू विवाद के बीच एक महिला शिक्षिका की गोली मारकर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि उसके बैंककर्मी पति ने घर में मौजूद दोनों बच्चों के सामने वारदात को अंजाम दिया और मौके से फरार हो गया। घटना के बाद 9 साल के बेटे ने अपने मामा को वीडियो कॉल कर बताया कि उसके पिता ने मां को गोली मार दी है। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस आरोपी पति की तलाश में जुटी है।
जमीन के विवाद को लेकर पति-पत्नी में हुआ था झगड़ा
मामला पूर्णिया के खजांची हाट थाना क्षेत्र के रेणु नगर का है। मृतका की पहचान शालिनी (34) के रूप में हुई है, जो श्रीनगर प्रखंड के एक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में शिक्षिका थीं। उनके पति राजकुमार यादव पूर्णिया स्थित कॉपरेटिव बैंक में काम करते हैं। परिजनों के मुताबिक दोनों के बीच काफी समय से विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि दंपती ने करीब दो कट्ठा जमीन खरीदी थी। इसी जमीन में लगाए गए पैसे को लेकर दोनों के बीच विवाद बढ़ गया था। रविवार शाम भी दोनों में कहासुनी हुई। आरोप है कि राजकुमार ने पत्नी के साथ मारपीट की। इसके बाद जाते समय उसने कथित तौर पर कहा कि “आज कहानी खत्म कर देंगे।” उस समय घर में दोनों बच्चे भी मौजूद थे।
रात में लौटा पति, बेटे के सामने पत्नी को मारी गोली
बताया जा रहा है कि शाम को घर से जाने के बाद राजकुमार रात करीब 8 बजे वापस लौटा। उस समय बच्चे पढ़ाई कर रहे थे और शालिनी खाना बना रही थीं। आरोप है कि राजकुमार ने घर में ही पत्नी को गोली मार दी। वारदात के बाद वह वहां से फरार हो गया। मां को खून से लथपथ देखकर 9 साल के बेटे ने तुरंत अपने मामा विक्रम आनंद को वीडियो कॉल किया। बच्चे ने रोते हुए बताया कि पापा ने मां को गोली मार दी है। कॉल के दौरान शालिनी जमीन पर पड़ी थीं और गोली लगने वाली जगह पर हाथ रखे हुए थीं। परिजनों के अनुसार, उन्होंने अपने भाई से मदद की गुहार लगाई। सूचना मिलने के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायल शालिनी को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उनकी हालत गंभीर बताई गई।
बच्चे की कॉल के बाद पड़ोसियों को मिली जानकारी
मृतका के भाई विक्रम आनंद के अनुसार, घटना से पहले भी उनकी बहन ने पति के साथ हुए विवाद और धमकी की बात बताई थी। रात में जब बच्चे ने वीडियो कॉल कर पूरी घटना बताई, तब परिवार और पड़ोसियों को मामले की जानकारी हुई। पड़ोसियों ने भी बताया कि बच्चा लगातार कह रहा था कि उसके पिता मां को गोली मारकर भाग गए हैं। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपी राजकुमार यादव की तलाश की जा रही है। फिलहाल पुलिस पति-पत्नी के बीच चल रहे विवाद, जमीन से जुड़े मामले और घटना के पीछे की पूरी वजह की जांच कर रही है। घर में मौजूद बच्चों के सामने हुई इस वारदात ने परिवार के साथ-साथ आसपास के लोगों को भी झकझोर दिया है।
Read More-स्कूल गई 10वीं की छात्रा फिर घर नहीं लौटी, रेलवे ट्रैक पर जो मिला उससे मच गया हड़कंप
