सोशल मीडिया पर इन दिनों दिल्ली से जुड़ा एक मजेदार वीडियो लोगों का ध्यान खींच रहा है। इस वीडियो में फ्रांस की रहने वाली एक महिला अपनी मां के साथ भारत घूमने आई है। दोनों दिल्ली की ऐतिहासिक इमारतों को देखने निकली थीं। इसी दौरान उन्होंने लाल किले का दौरा किया। लाल किले के आसपास घूमने के बाद महिला की मां ने पास में मौजूद जामा मस्जिद देखने की इच्छा जताई। इसके बाद बेटी अपनी मां को लेकर जामा मस्जिद पहुंच गई। दोनों के लिए यह एक सामान्य टूरिस्ट विजिट थी, लेकिन वहां कुछ ऐसा हुआ जिसकी उम्मीद बेटी को बिल्कुल नहीं थी। मां की एक छोटी सी हरकत ने इस पूरे सफर को सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना दिया।
जामा मस्जिद में मां ने शुरू कर दिया ‘हरे कृष्णा हरे रामा’ गाना
जामा मस्जिद पहुंचने के बाद फ्रांस की बुजुर्ग महिला आराम से बैठी थीं। इसी दौरान उन्होंने अचानक ‘हरे कृष्णा हरे रामा’ गाना गुनगुनाना शुरू कर दिया। उनकी बेटी ईवा यह सुनकर हैरान रह गई। दरअसल, उनकी मां को हिंदी भाषा की ज्यादा जानकारी नहीं है। उन्हें कुछ हिंदी गाने जरूर याद हैं, जिन्हें वह अक्सर गुनगुनाती रहती हैं। खास बात यह थी कि उन्हें इस गाने के शब्दों का असली मतलब भी पता नहीं था। वह तो बस अपनी पसंद से गाना गा रही थीं। लेकिन जगह को देखते हुए बेटी को लगा कि मां ने अनजाने में ऐसी जगह पर ऐसा गाना शुरू कर दिया है, जिससे कोई परेशानी खड़ी हो सकती है।
बेटी ईवा ने मजाकिया अंदाज में शेयर किया वीडियो, दिया ये नाम
इस पूरे वाकये को ईवा ने अपने कैमरे में रिकॉर्ड कर लिया और सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर कर दिया। वीडियो में वह अपनी मां की इस हरकत पर हैरानी जताती नजर आती हैं। उन्होंने मजाकिया अंदाज में अपनी मां को फ्रांस का बजरंग दल बता दिया। उनका यह कैप्शन इंटरनेट पर लोगों को खूब पसंद आ रहा है। वीडियो के साथ ईवा ने बताया कि उनकी मां को गाने के बोल का अर्थ नहीं मालूम था और वह सिर्फ अपनी आदत के मुताबिक गुनगुना रही थीं। गौरतलब है कि ‘हरे कृष्णा हरे रामा’ गाना साल 2007 में रिलीज हुई फिल्म ‘भूल भुलैया’ से भी काफी लोकप्रिय हुआ था। इसी वजह से यह गाना भारत में कई लोगों की जुबान पर रहता है।
सोशल मीडिया पर लोगों ने लिए मजे, जमकर आ रहे मजेदार कमेंट
ईवा के इंस्टाग्राम अकाउंट desi.firang से शेयर किया गया यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो देखने के बाद यूजर्स अपनी हंसी नहीं रोक पा रहे हैं और तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। एक यूजर ने मजाक में पूछा कि आपकी मां पीके फिल्म देख चुकी हैं क्या? वहीं दूसरे ने लिखा कि आपकी मां तो बड़ी बदमाश निकलीं, उनसे बचकर रहना चाहिए। एक अन्य यूजर ने ईवा को लेकर मजाक किया कि आंटी कहीं आपको ही मुसीबत में न डाल दें। कुल मिलाकर मां-बेटी के दिल्ली घूमने का यह छोटा सा किस्सा इंटरनेट पर लोगों के चेहरे पर मुस्कान ला रहा है। सबसे दिलचस्प बात यही है कि मां को गाने का मतलब नहीं पता था, लेकिन उनकी बेफिक्र अंदाज ने उन्हें सोशल मीडिया पर वायरल जरूर कर दिया।
