8 मार्च 2026 का दिन भारतीय क्रिकेट इतिहास में सुनहरे अक्षरों में दर्ज हो गया. अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में टीम इंडिया ने न्यूजीलैंड को 96 रनों से हराकर खिताब अपने नाम कर लिया. इस शानदार जीत के बाद पूरा देश जश्न में डूब गया. वहीं सोशल मीडिया पर जिस पोस्ट ने सबसे ज्यादा सुर्खियां बटोरीं, वह था भारत के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी का संदेश. धोनी ने टीम इंडिया, कोचिंग स्टाफ और फैंस को बधाई देते हुए एक भावुक पोस्ट साझा किया, जिसने करोड़ों क्रिकेट प्रेमियों का दिल जीत लिया.
गौतम गंभीर के लिए कही खास बात
धोनी ने अपने इंस्टाग्राम पोस्ट में टीम इंडिया के हेड कोच गौतम गंभीर की खास अंदाज में तारीफ की. उन्होंने लिखा कि अहमदाबाद में इतिहास रचा गया है और पूरी टीम को खेलते देखना बेहद शानदार अनुभव रहा. धोनी ने मजाकिया अंदाज में गंभीर की गंभीर छवि पर भी टिप्पणी की. उन्होंने लिखा, “कोच साहब, आप पर स्माइल अच्छी लगती है. स्माइल के साथ आपकी इंटेंसिटी एक किलर कॉम्बो है.” धोनी के इस संदेश ने सोशल मीडिया पर काफी चर्चा बटोरी. अक्सर दोनों के रिश्तों को लेकर कई तरह की बातें होती रहती हैं, लेकिन इस पोस्ट ने साफ कर दिया कि दोनों के बीच सम्मान और समझ की कमी नहीं है.
बुमराह को बताया चैंपियन गेंदबाज
टीम इंडिया की जीत में तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह का प्रदर्शन भी बेहद अहम रहा. फाइनल मुकाबले में उनकी धारदार गेंदबाजी ने न्यूजीलैंड के बल्लेबाजों को संभलने का मौका ही नहीं दिया. धोनी ने भी अपने पोस्ट में बुमराह की जमकर तारीफ की. उन्होंने लिखा कि बुमराह के बारे में ज्यादा कुछ कहना जरूरी नहीं है, क्योंकि वह खुद में एक चैंपियन गेंदबाज हैं. क्रिकेट फैंस भी मानते हैं कि बुमराह ने पूरे टूर्नामेंट में शानदार गेंदबाजी की और टीम को जीत दिलाने में बड़ी भूमिका निभाई.
टीम इंडिया ने बनाए तीन बड़े रिकॉर्ड
टी20 वर्ल्ड कप 2026 जीतकर टीम इंडिया ने इतिहास रच दिया. भारत अब सबसे ज्यादा तीन बार टी20 विश्व कप जीतने वाली टीम बन गई है. इससे पहले भारत ने 2007 में महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी में और 2024 में रोहित शर्मा की कप्तानी में खिताब जीता था. अब सूर्यकुमार यादव के नेतृत्व में टीम ने तीसरी बार ट्रॉफी अपने नाम की है. इसके साथ ही भारत लगातार दो टी20 वर्ल्ड कप जीतने वाली पहली टीम भी बन गया है. इतना ही नहीं, करीब 19 साल बाद किसी मेजबान देश ने अपने ही मैदान पर टी20 विश्व कप का खिताब जीता है, जो इस जीत को और भी खास बना देता है.
