उत्तर प्रदेश के बागपत जिले के जोहड़ी गांव में एक अनोखा आयोजन चर्चा का विषय बना हुआ है। यहां 80 वर्षीय चौधरी बलजोर सिंह ने अपनी मृत्यु से पहले ही तेरहवीं का कार्यक्रम आयोजित कर दिया। रविवार, 15 नवंबर को हुए इस आयोजन में करीब 900 ग्रामीणों और रिश्तेदारों ने भोजन किया। खास बात यह रही कि जिस रस्म में आमतौर पर परिवार शोक में डूबा रहता है, उसमें बलजोर सिंह खुद मौजूद रहे। उन्होंने मेहमानों का स्वागत किया और उनके साथ बैठकर भोजन भी किया। इस आयोजन को देखने के लिए आसपास के गांवों से भी लोग पहुंचे।
हवन के बाद 900 लोगों के लिए तैयार हुआ भोज
कार्यक्रम की शुरुआत सुबह घर पर विधि-विधान से हवन कराकर की गई। इसके बाद आंगन में बड़े-बड़े कड़ाहों में भोजन तैयार किया गया। मेहमानों के लिए पूड़ी, रायता, दो तरह की सब्जियां और लड्डू सहित कई पकवान बनाए गए। दोपहर तक करीब 900 लोगों ने एक साथ बैठकर भोज किया। आयोजन में गांव के लोगों के अलावा रिश्तेदार और समाज के कई परिचित शामिल हुए। उत्तर प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री कृष्णपाल मलिक (केपी मलिक) भी बलजोर सिंह से मिलने पहुंचे। पूरे कार्यक्रम में शोक के बजाय मिलन और खुशी का माहौल दिखाई दिया।
नाती मुकुल को सौंपी पगड़ी, अगली पीढ़ी को दी जिम्मेदारी
इस आयोजन का सबसे खास हिस्सा परिवार की पगड़ी सौंपने की रस्म रही। आमतौर पर परिवार के मुखिया के निधन के बाद उत्तराधिकारी को पगड़ी बांधी जाती है, लेकिन बलजोर सिंह ने यह परंपरा अपनी मौजूदगी में ही निभा दी। उन्होंने अपनी पगड़ी नाती मुकुल को सौंपकर परिवार की जिम्मेदारी अगली पीढ़ी को दे दी। उनके परिवार में बेटी पिंकी, दामाद सुखपाल, तीन नातिन और एक नाती मुकुल हैं। इस तरह उन्होंने परिवार के भविष्य को लेकर अपनी इच्छा भी सबके सामने जाहिर कर दी।
आखिर क्यों लिया ऐसा फैसला? बुजुर्ग ने बताई अपनी ख्वाहिश
बलजोर सिंह के मुताबिक, वह जीवनभर समाज के लोगों के साथ जुड़े रहे और दूसरों के निमंत्रण पर भोज में शामिल होते रहे। उनकी इच्छा थी कि एक बार अपने जीवनकाल में ही सभी परिचितों और रिश्तेदारों को एक जगह बुलाकर उनके साथ भोजन करें। परिवार ने उनकी इस इच्छा का सम्मान किया और आयोजन की पूरी व्यवस्था संभाली। उनकी इस पहल ने गांव और आसपास के इलाकों में नई चर्चा शुरू कर दी है। बलजोर सिंह ने अपनी इस अनोखी पहल से यह संदेश दिया कि अपनों के साथ मिलने-जुलने और खुशियां बांटने के लिए किसी खास मौके का इंतजार जरूरी नहीं है।
