वृंदावन में संत प्रेमानंद महाराज के शिष्य दीपक लोधी उर्फ रसिक दुलारी शरण की मौत का मामला चर्चा में है। अब घटना से पहले का बताया जा रहा एक CCTV वीडियो सामने आया है। वीडियो में एक व्यक्ति चार मंजिला इमारत की छत पर दिखाई देता है। बताया जा रहा है कि यह रसिक दुलारी शरण हैं। फुटेज में वह कुछ समय तक छत की बाउंड्री के पास बैठे नजर आते हैं। इसके बाद वह वहीं लेटते हुए दिखाई देते हैं। कुछ देर बाद वह अचानक उठते हैं और बाउंड्री की तरफ तेजी से बढ़ते हुए नीचे छलांग लगाते दिखाई देते हैं। हालांकि, सामने आए इस वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि अभी नहीं हुई है।
छलांग के बाद नीचे पहुंचे आश्रम के लोग
CCTV फुटेज में आगे दिखाई देता है कि घटना के तुरंत बाद आश्रम से जुड़ा बताया जा रहा एक व्यक्ति छत की ओर से दौड़कर आता है और नीचे की तरफ झांकता है। इस फुटेज के सामने आने के बाद घटना को लेकर कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। हालांकि, किसी वीडियो के आधार पर घटना के पीछे की पूरी वजह तय नहीं की जा सकती। पुलिस भी मामले में उपलब्ध CCTV फुटेज, मोबाइल फोन और अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है। इसलिए अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचने के बजाय जांच पूरी होने का इंतजार किया जा रहा है।
पुलिस ने बताया- प्रथम दृष्टया खुद कूदने का मामला
मथुरा पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में मामला चार मंजिला आवास से स्वयं नीचे कूदने का प्रतीत हो रहा है। एसपी सिटी राजीव कुमार सिंह ने बताया कि घटना शुक्रवार दोपहर करीब 12:30 बजे की है। मृतक की पहचान दीपक लोधी के रूप में हुई है, जो मध्य प्रदेश के जबलपुर के रहने वाले थे और प्रेमानंद महाराज के पास साधक के तौर पर रहते थे। पुलिस को चार मंजिला साधक आवास से एक व्यक्ति के गिरने की सूचना मिली थी। इसके बाद टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की।
मोबाइल की भी हो रही फॉरेंसिक जांच
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ मोबाइल फोन से जुड़े फॉरेंसिक साक्ष्य भी जुटाए हैं। मृतक के परिवार के सदस्य भी जबलपुर से मौके पर पहुंचे हैं। पुलिस को परिवार की ओर से एक प्रार्थना पत्र भी मिला है, जिसके आधार पर आगे की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि आखिर किन परिस्थितियों में दीपक लोधी ने यह कदम उठाया और उस समय उनकी मानसिक स्थिति क्या थी, यह जांच का विषय है। फिलहाल पुलिस CCTV समेत दूसरे साक्ष्यों को जोड़कर पूरे मामले की तस्वीर स्पष्ट करने में जुटी है।
Read More-मोदी के सामने राहुल-सोनिया, पास में खरगे… गांधी जयंती पर संसद में दिखा ऐसा नजारा
