उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पांच परिवारों की खुशियां छीन लीं। जयपुर से एक शव लेकर पश्चिम बंगाल जा रही एंबुलेंस की तेज रफ्तार पिकअप से जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि एंबुलेंस में सवार पांचों लोगों की जान चली गई। मृतकों में परिवार के सदस्य और एंबुलेंस के दोनों चालक शामिल हैं। हादसा सुबह करीब 6:30 बजे सुबेहा थाना क्षेत्र के गेरांवा गांव के पास हुआ। घटना के बाद एक्सप्रेसवे पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास मौजूद लोगों में चीख-पुकार सुनाई देने लगी।
जयपुर से पश्चिम बंगाल जा रहा था परिवार, रास्ते में हुआ हादसा
मिली जानकारी के मुताबिक, एंबुलेंस में अजीजुल हक नाम के व्यक्ति का शव रखा हुआ था, जिसे जयपुर से पश्चिम बंगाल ले जाया जा रहा था। शव के साथ परिवार के तीन सदस्य भी मौजूद थे। लंबा सफर तय करने के दौरान एंबुलेंस में दो चालक भी सवार थे। इसी बीच बाराबंकी में गेरांवा गांव के पास एक तेज रफ्तार पिकअप ने एंबुलेंस को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद एंबुलेंस में बैठे सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में जान गंवाने वालों में रफीकुल हक और अमीनुल हक की पहचान हुई है। दोनों चालकों की भी मौत हो गई, जबकि पांचवें मृतक की पहचान की प्रक्रिया जारी है।
अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने पांचों को किया मृत घोषित
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और उत्तर प्रदेश एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीडा) की बचाव टीम मौके पर पहुंच गई। राहतकर्मियों ने घायलों को तत्काल एंबुलेंस से निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) हैदरगढ़ पहुंचाया। हालांकि, वहां मौजूद डॉक्टरों ने जांच के बाद सभी पांच लोगों को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है। शुरुआती जानकारी में पिकअप की तेज रफ्तार को टक्कर की वजह बताया जा रहा है। फिलहाल पुलिस दुर्घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल कर रही है। एक ही वाहन में सफर कर रहे पांच लोगों की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
