वाराणसी में भारतीय वायुसेना के 94वें स्थापना वर्ष के मौके पर आयोजित ‘विंग्स ओवर गंगा’ एयर शो ने लोगों का ध्यान खींचा। 25 अक्टूबर को नमो घाट पर हुए इस आयोजन में राफेल, सुखोई, मिराज-2000, मिग-29 और जगुआर जैसे लड़ाकू विमानों ने आसमान में करतब दिखाए। अपाचे और चिनूक हेलीकॉप्टरों के साथ परिवहन विमानों ने भी अपनी क्षमता का प्रदर्शन किया। इस कार्यक्रम में कुल 100 एयरक्राफ्ट शामिल हुए।
PM मोदी के रोड शो में उमड़ा लोगों का उत्साह
एयर शो के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का वाराणसी दौरा भी आकर्षण का केंद्र रहा। पुलिस लाइन से चौकाघाट होते हुए उनका काफिला नमो घाट की ओर बढ़ा। रास्ते में बड़ी संख्या में लोग प्रधानमंत्री की एक झलक पाने के लिए मौजूद रहे। लोगों का उत्साह देखकर पीएम मोदी ने अपनी गाड़ी रुकवाई और बाहर निकलकर हाथ हिलाते हुए उनका अभिवादन किया। इसके बाद उन्होंने नमो घाट से हवाई प्रदर्शन देखा।
सुरक्षा के लिए 11,500 से ज्यादा जवान तैनात
कार्यक्रम में भारी भीड़ जुटने की संभावना को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए। पुलिस के अनुसार, 11,500 से अधिक जवान तैनात किए गए और निगरानी के लिए 200 सीसीटीवी कैमरों का इस्तेमाल हुआ। पूरे जिले को 30 जोन और 50 से ज्यादा सेक्टर में बांटा गया, ताकि भीड़ को नियंत्रित करने और लोगों की आवाजाही सुचारू रखने में मदद मिल सके।
12 एयरबेस से पहुंचे विमान, आसमान में दिखी काशी की पहचान
इस एयर शो में देश के 12 एयरबेस से विमानों ने उड़ान भरी। सी-295, सी-17 और सी-130 जैसे परिवहन विमानों के साथ कई आधुनिक लड़ाकू विमानों ने प्रदर्शन किया। खास बात यह रही कि आसमान में सैन्य ताकत के साथ काशी की सांस्कृतिक पहचान भी दिखाई गई। महादेव, नटराज, कैलाश, विश्वनाथ, हनुमान और काशी जैसे नामों पर आधारित फॉर्मेशन ने आयोजन को अलग पहचान दी। इस प्रदर्शन ने सैन्य कौशल और काशी की परंपरा का अनूठा मेल पेश किया।
Read More-पहले बुलडोजर, फिर AAP की सफाई! जागृति मिश्रा के पशु शेल्टर विवाद में आखिर हुआ क्या? जानें पूरा मामला
