HomeEntertainmentपहले फोन कॉल, फिर वॉयस मैसेज… सिंगर के करीबी तक पहुंची धमकी

पहले फोन कॉल, फिर वॉयस मैसेज… सिंगर के करीबी तक पहुंची धमकी

मशहूर सिंगर बी प्राक को 10 करोड़ की रंगदारी न देने पर जान से मारने की धमकी मिली। लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम से वॉयस मैसेज भेजा गया, पुलिस जांच में जुटी।

-

बॉलीवुड और पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री के जाने-माने सिंगर बी प्राक को जान से मारने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया है। यह धमकी सीधे बी प्राक को नहीं, बल्कि उनके करीबी पंजाबी सिंगर दिलनूर तक पहुंचाई गई है। जानकारी के अनुसार 5 जनवरी को दिलनूर के मोबाइल पर विदेशी नंबर से दो बार कॉल किया गया, लेकिन उन्होंने कॉल रिसीव नहीं किया। इसके अगले दिन यानी 6 जनवरी को फिर कॉल आया, जिसे दिलनूर ने उठाया, लेकिन बातचीत संदिग्ध लगने पर कॉल काट दी। इसके तुरंत बाद एक वॉयस मैसेज भेजा गया, जिसमें खुलेआम 10 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई और जान से मारने की धमकी दी गई।

‘मैं आरजू बिश्नोई बोल रहा हूं…’ नाम लेकर दी गई खुली धमकी

वॉयस मैसेज में कॉलर ने खुद का नाम आरजू बिश्नोई बताया है और दावा किया है कि वह कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के लिए काम करता है। मैसेज में कहा गया कि बी प्राक को एक हफ्ते के भीतर 10 करोड़ रुपये देने होंगे। धमकी देने वाले ने यह भी कहा कि चाहे बी प्राक किसी भी देश में चले जाएं, अगर उनके आसपास से कोई भी व्यक्ति मिला तो उसे नुकसान पहुंचाया जाएगा। मैसेज में साफ शब्दों में कहा गया— “इस कॉल को फर्जी मत समझना, अगर बात नहीं बनी तो बी प्राक को मिट्टी में मिला देंगे।” इस धमकी के बाद म्यूजिक इंडस्ट्री में डर का माहौल बन गया है।

शिकायत दर्ज, विदेश से ऑपरेट कर रहा आरोपी, जांच में जुटी पुलिस

धमकी भरा मैसेज मिलने के बाद पंजाबी सिंगर दिलनूर ने उसी दिन मोहाली के एसएसपी को लिखित शिकायत सौंपी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी विदेश से कॉल और वॉयस मैसेज भेज रहा है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या यह वही गैंग है, जो हाल के महीनों में दिल्ली-एनसीआर और पंजाब में रंगदारी और फायरिंग की कई घटनाओं में शामिल रहा है। सुरक्षा एजेंसियां कॉल डिटेल्स, वॉयस सैंपल और डिजिटल ट्रेल खंगाल रही हैं ताकि आरोपी तक पहुंचा जा सके।

पहले धमकी, फिर फायरिंग… लॉरेंस गैंग का वही पुराना पैटर्न

पुलिस सूत्रों के अनुसार लॉरेंस बिश्नोई गैंग का तरीका पहले भी ऐसा ही रहा है— पहले फोन या मैसेज के जरिए धमकी देना और फिर डर पैदा करने के लिए फायरिंग कराना। नए साल की शुरुआत में दिल्ली के रोहिणी इलाके में एक व्यापारी के घर के बाहर 25 राउंड फायरिंग की गई थी। इससे पहले पश्चिम विहार के एक जिम और पूर्वी दिल्ली में भी इसी तरह की घटनाएं सामने आई थीं। इन मामलों में भी पहले धमकी दी गई थी और बाद में गोलियां चलाई गईं। हालांकि, दिल्ली पुलिस ने कुछ मामलों में आरोपियों को एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार कर लिया है। बी प्राक को मिली धमकी के बाद पुलिस ने उनकी सुरक्षा को लेकर भी सतर्कता बढ़ा दी है।

Read more-आख़िरी ओवरों में थम गई बांग्लादेश की सांसें! वैभव सूर्यवंशी के हैरतअंगेज़ कैच से भारत ने जबड़े से छीनी जीत

Related articles

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

0FansLike
0FollowersFollow
0FollowersFollow
0SubscribersSubscribe

Latest posts