हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान (Ankit Baliyan) की हत्या मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। शामली में हुई इस सनसनीखेज वारदात के बाद अब आरोपियों की तस्वीरें सामने आई हैं। पुलिस जांच में सामने आया है कि बदमाशों ने घटना को अंजाम देने से पहले इलाके की रेकी की थी और पूरी योजना के साथ सिंगर को निशाना बनाया।
जानकारी के मुताबिक, अंकित बालियान (Ankit Baliyan) की गोली मारकर हत्या शामली सदर कोतवाली क्षेत्र के नालापटरी आर्यपुरी इलाके में की गई थी। बताया जा रहा है कि जिम से बाहर निकलते समय कुछ अज्ञात हमलावरों ने उन पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू की, जिसमें संदिग्धों की तस्वीरें सामने आई हैं।
पुलिस ने बनाई कई टीमें, आरोपियों की तलाश में जुटी जांच एजेंसियां
वारदात के बाद शामली पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए कई टीमों का गठन किया है। पुलिस अब सामने आई तस्वीरों के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी हुई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही हत्याकांड का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।
शामली पुलिस अधीक्षक एनपी सिंह ने बताया कि घटना के हर पहलू की जांच की जा रही है। पुलिस टीम सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर आगे बढ़ रही है। वहीं, घटना के बाद सिंगर के परिवार में गहरा आक्रोश है और परिजन लगातार आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। अंतिम संस्कार के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए गांव में पुलिस और पीएसी बल भी तैनात किया गया।
हरियाणा कनेक्शन की भी जांच, पुराने विवाद को लेकर पुलिस कर रही पड़ताल
पुलिस जांच में यह भी जानकारी सामने आई है कि अंकित बालियान (Ankit Baliyan) कुछ समय से सोनीपत में रहकर गाने तैयार कर रहे थे। वहां किसी विवाद के बाद उनके वापस आने की बात सामने आई है। इसी वजह से पुलिस हरियाणा और सोनीपत कनेक्शन को भी खंगाल रही है।
जांच एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि हत्या के पीछे पुरानी रंजिश, विवाद या कोई अन्य वजह तो नहीं है। पुलिस का कहना है कि सभी संभावित एंगल पर जांच की जा रही है और हरियाणा पुलिस से भी संपर्क किया जा रहा है। फिलहाल आरोपियों की तस्वीर सामने आने के बाद मामले के जल्द खुलासे की उम्मीद बढ़ गई है।
Read More- जिम से लौट रहे पॉपुलर हरियाणवी सिंगर की सरेआम हत्या, पिता की चेतावनी से गरमाया माहौल
