Irfan Pathan: टीम इंडिया के पूर्व ऑलराउंडर इरफान पठान अपनी पत्नी सफा बेग को लेकर ट्रोलिंग से खासे आहत नजर आए। दरअसल, सफा बेग अक्सर हिजाब पहनती हैं और इसको लेकर कई बार उन्हें सोशल मीडिया पर निशाना बनाया गया। इरफान ने कहा कि जब भी उनकी पत्नी पर ऐसे कमेंट्स किए जाते थे, उन्हें बहुत बुरा लगता था। उन्होंने माना कि किसी के निजी पहनावे पर सवाल उठाना बिल्कुल भी सही नहीं है।
परिवार की तस्वीरें क्यों करनी पड़ीं बंद
इरफान ने आगे बताया कि हिजाब पर ट्रोलिंग के चलते उन्होंने सोशल मीडिया पर अपनी फैमिली की फोटोज शेयर करना लगभग बंद कर दिया। उन्होंने भावुक होकर कहा– “मेरा बस चले तो मैं कभी किसी को ऐसा करने ही न दूं.” क्रिकेटर का कहना था कि क्रिकेट मैदान पर उन्होंने कई मुश्किलों का सामना किया, लेकिन परिवार पर की गई टिप्पणी सबसे ज्यादा चोट पहुंचाती है।
फैन्स ने जताया समर्थन
इरफान पठान का यह बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया है। फैंस उनकी भावनाओं के साथ खड़े नजर आए और कहा कि हिजाब पहनना या न पहनना किसी महिला की व्यक्तिगत पसंद है, जिस पर सवाल उठाना गलत है। इरफान ने साफ कहा कि वह अपने परिवार को अनावश्यक आलोचना और चर्चा से दूर रखना चाहते हैं। उनके इस बयान ने एक बार फिर समाज में महिलाओं की पसंद और स्वतंत्रता पर नई बहस छेड़ दी है।
