रणवीर सिंह की आने वाली फिल्म ‘धुरंधर’ इन दिनों चर्चा में है। फिल्म 5 दिसंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है और फैंस इसे देखने के लिए उत्साहित हैं। लेकिन रिलीज से पहले ही फिल्म को लेकर कानूनी विवाद सामने आ गया है। शहीद मेजर मोहित शर्मा के माता-पिता ने दिल्ली हाईकोर्ट में याचिका दाखिल कर फिल्म की रिलीज पर रोक लगाने की मांग की है।
परिवार ने उठाए गंभीर आरोप
याचिका में मेजर मोहित शर्मा के माता-पिता का कहना है कि फिल्म की कहानी उनके बेटे की जिंदगी और सेना में की गई गुप्त ऑपरेशन्स से प्रेरित लगती है। परिवार का आरोप है कि फिल्म बनाने से पहले न तो भारतीय सेना की अनुमति ली गई और न ही परिवार से किसी तरह की सलाह मशविरा किया गया। उनका कहना है कि मीडिया में फिल्म को मेजर मोहित शर्मा की कहानी से जोड़ा जा रहा है, जबकि निर्माता इस बात को सार्वजनिक रूप से स्वीकार नहीं कर रहे हैं।
फिल्ममेकर्स की चुप्पी
हालांकि, फिल्म के निर्माता और रणवीर सिंह ने अभी तक इस याचिका पर कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है। मेजर शर्मा के परिवार का यह भी कहना है कि फिल्म का प्रचार और मीडिया रिपोर्ट्स में इसे उनके बेटे के जीवन से जोड़ने की कोशिश की जा रही है, जिससे उनके परिवार की भावनाओं को ठेस पहुंच सकती है। कानूनी विशेषज्ञों के अनुसार, इस तरह के मामलों में कोर्ट फैमिली की भावनाओं और फिल्म की आज़ादी दोनों पहलुओं को ध्यान में रखकर फैसला करती है।
कोर्ट में अगली सुनवाई की उम्मीद
दिल्ली हाईकोर्ट ने इस याचिका को स्वीकार कर लिया है और जल्द ही अगली सुनवाई की तारीख तय की जाएगी। फिल्म की रिलीज से पहले कोर्ट का फैसला काफी अहम माना जा रहा है, क्योंकि अगर याचिका पर तुरंत रोक लग जाती है, तो ‘धुरंधर’ की रिलीज पर असर पड़ सकता है। वहीं, फिल्म के प्रशंसक और सिनेमाघर संचालक इस मामले को लेकर चिंता में हैं, क्योंकि फिल्म को लेकर पहले ही काफी उम्मीदें बन चुकी हैं।
