मुंबई के पॉश इलाके जुहू में शनिवार देर रात उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब मशहूर फिल्म निर्देशक रोहित शेट्टी के घर के बाहर अचानक फायरिंग की गई। शेट्टी टावर के बाहर अज्ञात हमलावर ने चार से पांच राउंड गोलियां चलाईं और मौके से फरार हो गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है, लेकिन जिस वक्त फायरिंग हुई, उस समय रोहित शेट्टी अपने घर के अंदर ही मौजूद थे। गोलियों की आवाज सुनते ही आसपास के लोग सहम गए और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। कुछ ही देर में जुहू पुलिस और मुंबई क्राइम ब्रांच की टीमें मौके पर पहुंच गईं। पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी गई और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। इस घटना ने न सिर्फ जुहू बल्कि पूरे मुंबई में सनसनी फैला दी है, क्योंकि रोहित शेट्टी बॉलीवुड के बड़े और प्रभावशाली फिल्ममेकर माने जाते हैं।
बाइक से आया हमलावर, CCTV में कैद हुई पूरी वारदात
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि फायरिंग करने वाला आरोपी अकेला था और बाइक से जुहू इलाके में पहुंचा था। आरोपी ने रोहित शेट्टी के घर से थोड़ी दूरी पर बाइक खड़ी की और फिर पैदल चलते हुए शेट्टी टावर के बाहर पहुंचा। इसके बाद उसने बिल्डिंग की ओर निशाना साधते हुए लगातार गोलियां चलाईं और तेजी से फरार हो गया। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में आरोपी चलते हुए फायरिंग करता हुआ साफ नजर आ रहा है। पुलिस अब इन्हीं फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने में जुटी है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि हमलावर ने रेकी कितने दिन पहले की थी और उसे रोहित शेट्टी की मौजूदगी की जानकारी कैसे थी। घटना के बाद शेट्टी टावर के बाहर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और आने-जाने वाले हर शख्स की जांच की जा रही है।
‘ये छोटा सा ट्रेलर है’: सोशल मीडिया पोस्ट से बढ़ी सनसनी
इस मामले ने उस वक्त और खतरनाक मोड़ ले लिया, जब सोशल मीडिया पर एक पोस्ट वायरल हुई। फेसबुक पर किए गए एक पोस्ट में शुभम लोनकर और आरजू बिश्नोई नाम के दो लोगों ने इस फायरिंग की जिम्मेदारी ली। पोस्ट में दावा किया गया कि यह हमला लॉरेंस बिश्नोई गैंग की ओर से किया गया है। पोस्ट में लिखा गया कि रोहित शेट्टी को कई बार मैसेज भेजकर चेतावनी दी गई थी कि वह उनके “काम में दखल” न दें, लेकिन उन्होंने इसे गंभीरता से नहीं लिया। पोस्ट में खुलेआम धमकी देते हुए कहा गया कि यह हमला सिर्फ एक “ट्रेलर” है और अगर आगे भी बात नहीं मानी गई तो अगली बार गोली घर के बाहर नहीं बल्कि बेडरूम में चलाई जाएगी। इतना ही नहीं, इस पोस्ट में इसे रोहित शेट्टी के साथ-साथ पूरे बॉलीवुड के लिए चेतावनी बताया गया। इस पोस्ट के सामने आने के बाद पुलिस और खुफिया एजेंसियां अलर्ट मोड में आ गई हैं, क्योंकि यह सीधा-सीधा बॉलीवुड को डराने की कोशिश मानी जा रही है।
सलमान खान केस से कनेक्शन?
मुंबई पुलिस फिलहाल इस पूरे मामले को बेहद गंभीरता से ले रही है। हालांकि पुलिस का कहना है कि अभी तक इस बात के ठोस सबूत नहीं मिले हैं कि वाकई यह हमला लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने ही करवाया है। सोशल मीडिया पोस्ट की सत्यता की जांच की जा रही है और यह भी देखा जा रहा है कि पोस्ट करने वाले लोग असली हैं या किसी साजिश के तहत नामों का इस्तेमाल किया गया है। इसी के साथ पुलिस यह भी जांच कर रही है कि क्या इस फायरिंग का पैटर्न अभिनेता सलमान खान के घर के बाहर हुई फायरिंग से मेल खाता है। दोनों मामलों में बाइक से आए हमलावर, देर रात वारदात और खुलेआम धमकी जैसे कई समान बिंदु सामने आ रहे हैं। इसी एंगल से क्राइम ब्रांच दोनों मामलों को जोड़कर जांच कर रही है। फिलहाल रोहित शेट्टी और उनके परिवार की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। यह घटना एक बार फिर इस सवाल को जन्म दे रही है कि क्या मुंबई जैसे महानगर में भी सेलेब्रिटीज पूरी तरह सुरक्षित हैं, या फिर अपराधियों के हौसले लगातार बढ़ते जा रहे हैं।
Read More-AR रहमान पर बुरी तरह भड़के मंत्री नितेश राणे, विवादित बयान देते हुए बोले ‘ऐसे लोगों को मार गिराकर…’
