बांग्लादेश में अल्पसंख्यक हिंदुओं की सुरक्षा को लेकर किए जा रहे तमाम दावों के बीच एक बार फिर दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। झेनाइदाह जिले के कालिगंज इलाके में रहने वाली 40 वर्षीय हिंदू विधवा के साथ कथित तौर पर पहले दुष्कर्म किया गया और फिर उसे अमानवीय तरीके से प्रताड़ित किया गया। आरोप है कि दो स्थानीय बदमाशों ने महिला को पेड़ से बांध दिया, उसके बाल काट दिए और इस पूरी घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर फैला दिया। यह घटना शनिवार रात की बताई जा रही है, जिसने पूरे इलाके में डर और आक्रोश का माहौल पैदा कर दिया है। स्थानीय लोगों के अनुसार, महिला के बेहोश होने के बाद आसपास के लोगों ने किसी तरह उसे बचाया और गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया।
अस्पताल में हुआ खुलासा, जांच में सामने आई सच्चाई
झेनाइदाह सदर अस्पताल में भर्ती कराई गई पीड़िता की हालत काफी नाजुक बताई जा रही है। अस्पताल के अधीक्षक डॉ. मोहम्मद मुस्तफिजुर रहमान के अनुसार, शुरुआत में महिला मानसिक सदमे में थी और उसने घटना को स्पष्ट रूप से स्वीकार नहीं किया। हालांकि, बाद में की गई चिकित्सकीय जांच में उसके साथ दुर्व्यवहार और हिंसा की पुष्टि हुई। डॉक्टरों का कहना है कि महिला को शारीरिक चोटों के साथ-साथ गहरे मानसिक आघात भी पहुंचे हैं। फिलहाल उसका इलाज जारी है और उसे मानसिक परामर्श भी दिया जा रहा है। इस मामले ने स्थानीय प्रशासन की भूमिका पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं, क्योंकि घटना के बाद वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने से पहले कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो सकी।
पुराना विवाद, बुरी नीयत और साजिश का आरोप
पीड़िता की शिकायत और पुलिस को दिए गए बयान के अनुसार, यह मामला अचानक हुआ अपराध नहीं था, बल्कि इसके पीछे पुराना विवाद और आरोपी की बुरी नीयत बताई जा रही है। महिला ने करीब ढाई साल पहले कालिगंज उपजिला के कोला यूनियन क्षेत्र में आरोपी शाहिन और उसके भाई से 20 लाख रुपये में 3 डेसिमल जमीन और एक दो मंजिला मकान खरीदा था। इसके बाद से ही शाहिन महिला पर गलत नजर रखने लगा और कथित तौर पर अश्लील व्यवहार करने लगा। जब महिला ने उसके प्रस्तावों को ठुकरा दिया, तो वह उसे डराने-धमकाने और परेशान करने लगा। आरोप है कि शनिवार शाम को जब महिला के घर उसके दो रिश्तेदार आए हुए थे, तभी शाहिन अपने साथी हसन के साथ जबरन घर में घुस गया और अपराध को अंजाम दिया।
पुलिस पर उठते सवाल
घटना के बाद आरोपियों ने पीड़िता को चुप रहने की धमकी दी, लेकिन जब वह दर्द से चीखने लगी तो उन्होंने उसे पेड़ से बांधकर उसके बाल काट दिए और इस अमानवीय कृत्य का वीडियो बना लिया। यह वीडियो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया, जिससे मामला और ज्यादा भड़क गया। पीड़िता ने होश में आने के बाद कालिगंज पुलिस स्टेशन में शाहिन और उसके साथी हसन के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है और आरोपियों की तलाश जारी है। इस घटना ने एक बार फिर बांग्लादेश में अल्पसंख्यक महिलाओं की सुरक्षा, कानून-व्यवस्था और सोशल मीडिया के दुरुपयोग जैसे गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों में गुस्सा है और वे दोषियों को कड़ी सजा देने की मांग कर रहे हैं।
