Ramayana Movie Controversy: फिल्म ‘रामायण’ को लेकर विवाद अब सुप्रीम कोर्ट तक पहुंच गया है। फिल्म में रामकथा के कथानक और धार्मिक पात्रों के चित्रण पर सवाल उठाते हुए याचिका दाखिल की गई थी। याचिकाकर्ता की मांग थी कि इस मामले में जल्द सुनवाई की जाए, क्योंकि फिल्म में कई ऐसी घटनाएं दिखाई गई हैं, जो मूल रामायण (Ramayana) से अलग बताई जा रही हैं। हालांकि, सुप्रीम कोर्ट ने याचिका पर तत्काल सुनवाई करने से इनकार कर दिया। मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत ने इस मामले पर टिप्पणी करते हुए कहा कि तत्काल सुनवाई की जरूरत नहीं है। उन्होंने याचिकाकर्ता से यह भी कहा कि अगर उन्हें अपनी पसंद के अनुसार रामकथा दिखानी है तो वे खुद फिल्म बना सकते हैं। कोर्ट की इस टिप्पणी के बाद फिल्म को लेकर चल रही बहस एक बार फिर तेज हो गई है।
VHP ने फिल्म पर उठाए सवाल, राम और रावण के चित्रण पर जताई नाराजगी
इस फिल्म को लेकर विश्व हिंदू परिषद (VHP) भी अपनी आपत्ति जता चुका है। संगठन ने फिल्म की कहानी और उसमें दिखाए गए धार्मिक पात्रों के चित्रण पर सवाल उठाए हैं। VHP के केंद्रीय महामंत्री बजरंग बागड़ा का आरोप है कि फिल्म में भगवान राम और उनके परिवार के चरित्रों को अपेक्षित गंभीरता के साथ नहीं दिखाया गया, जबकि रावण के चित्रण को अधिक महत्व दिया गया है। संगठन का कहना है कि महर्षि वाल्मीकि की रामायण (Ramayana) में जिन महत्वपूर्ण घटनाओं का उल्लेख है, उनमें से कई को फिल्म में जगह नहीं मिली। इसी आधार पर संगठन ने फिल्म के प्रदर्शन पर रोक लगाने की मांग की है। VHP का मानना है कि रामकथा के मूल स्वरूप में बदलाव करोड़ों लोगों की धार्मिक भावनाओं को प्रभावित कर सकता है।
अहिल्या उद्धार से केवट प्रसंग तक, इन घटनाओं को लेकर है सबसे बड़ी आपत्ति
VHP की सबसे बड़ी नाराजगी रामायण (Ramayana) के उन प्रसंगों को लेकर है, जिन्हें फिल्म में शामिल नहीं किए जाने का आरोप लगाया गया है। इनमें अहिल्या उद्धार, निषादराज गुह के साथ भगवान राम की मित्रता और केवट की भक्ति जैसे प्रसंग शामिल हैं। संगठन का कहना है कि ये घटनाएं भगवान राम के आदर्श चरित्र, सामाजिक समानता और मानवीय मूल्यों को समझने के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं। इसके अलावा VHP ने आरोप लगाया है कि फिल्म में ऋषि-मुनियों के यज्ञ की रक्षा के लिए भगवान राम द्वारा किए गए संघर्ष को उचित महत्व नहीं दिया गया। संगठन के मुताबिक, सीता हरण के बाद रावण से युद्ध को व्यक्तिगत बदले की लड़ाई के रूप में दिखाना रामकथा के व्यापक उद्देश्य को सीमित करता है। फिलहाल सुप्रीम कोर्ट ने तत्काल सुनवाई से इनकार किया है। ऐसे में फिल्म को लेकर विवाद और आगे क्या मोड़ लेता है, इस पर सभी की नजरें टिकी हैं।
Read More-यूपी में पंचायत चुनाव पर फिर लगा ब्रेक! अब इतने महीने और प्रधानों के हाथ में रहेगी गांव की कमान

