UP Election 2027: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। इसी बीच समाजवादी पार्टी ने अपने चुनावी अभियान को धार देते हुए घोषणा पत्र जारी कर दिया है। सपा ने इसे ‘जन-मन का मैनिफेस्टो’ और ‘सत्ताइस का संकल्प: पीडीए का प्रण-पत्र’ नाम दिया है। घोषणा पत्र जारी करते हुए पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने बीजेपी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि अच्छे दिन तो आए नहीं, लेकिन अब बुरे दिन जाने वाले हैं। सपा ने इस घोषणा पत्र के जरिए पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक वर्ग के साथ महिलाओं, किसानों और युवाओं को साधने की कोशिश की है। पार्टी की चुनावी थीम ‘हर हाथ को काम, हर किसान को दाम, महिलाओं को सम्मान और कानून का मान’ रखी गई है।
महिलाओं को सालाना 40 हजार रुपये, पुरानी पेंशन और मुफ्त शिक्षा का वादा
सपा के घोषणा पत्र में महिलाओं के लिए हर साल 40 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने का बड़ा वादा किया गया है। इसके अलावा मुफ्त स्वास्थ्य सेवाएं, एंबुलेंस और शिक्षा उपलब्ध कराने की बात कही गई है। पार्टी ने बंद किए गए प्राथमिक विद्यालयों को दोबारा शुरू करने, शिक्षामित्रों का वेतन बढ़ाने और उन्हें स्थायी करने का भरोसा भी दिया है। सरकारी कर्मचारियों को लुभाने के लिए पुरानी पेंशन योजना बहाल करने का वादा किया गया है। वहीं, कानून व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए एआई तकनीक के इस्तेमाल और महिला सुरक्षा को मजबूत करने की बात कही गई है। इसके साथ ही फास्ट ट्रैक अदालतों के माध्यम से पीड़ितों को जल्द न्याय दिलाने का लक्ष्य रखा गया है। सपा इन घोषणाओं के जरिए अलग-अलग वर्गों के बीच अपनी राजनीतिक पकड़ मजबूत करना चाहती है।
अखिलेश ने गिनाए अपनी सरकार के काम, हर जिले के लिए अलग घोषणा पत्र
घोषणा पत्र जारी करते हुए अखिलेश यादव ने अपनी पिछली सरकार के विकास कार्यों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि समाजवादी सरकार ने कई ऐसे काम किए थे, जो उस समय घोषणा पत्र का हिस्सा भी नहीं थे। उन्होंने लखनऊ में मेदांता अस्पताल, विश्वस्तरीय स्टेडियम, बड़े मॉल और आईटी सिटी के विकास का उदाहरण दिया। अखिलेश के मुताबिक, उनकी सरकार ने रोजगार और निवेश को बढ़ावा देने के लिए एचसीएल जैसी कंपनी को लखनऊ लाने का काम किया था। इस बार सपा केवल प्रदेश स्तर का घोषणा पत्र ही नहीं, बल्कि हर जिले की जरूरतों के हिसाब से अलग मैनिफेस्टो भी तैयार कर रही है। इसमें स्थानीय समस्याओं, सड़कों, बिजली, शिक्षा और दूसरी बुनियादी सुविधाओं पर ध्यान दिया जाएगा। अब देखना होगा कि सपा के इन वादों का 2027 के विधानसभा चुनाव में कितना असर पड़ता है।
Read More-अखिलेश के सामने आजम खान ने क्यों कहा- ‘हमें मर जाना चाहिए था’? सपा में मची हलचल!

