कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के बीच सीटों को लेकर चल रही खींचतान के बीच कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे का एक बयान चर्चा में आ गया है। लखनऊ में संविधान दिवस के कार्यक्रम के दौरान खरगे ने सहारनपुर से सांसद इमरान मसूद को मंच से ही नसीहत दे दी। उन्होंने कहा कि वह इमरान मसूद को अक्सर टीवी पर बोलते हुए सुनते हैं, लेकिन पार्टी को सिर्फ बयानबाजी नहीं, बल्कि काम करने की ज्यादा जरूरत है। खरगे ने यह भी माना कि इमरान मसूद पार्टी के लिए लड़ते हैं और अपनी बात मनवाने का दम रखते हैं। उनके इस बयान को ऐसे समय में अहम माना जा रहा है, जब सपा और कांग्रेस के बीच गठबंधन को लेकर कई मुद्दों पर असहमति सामने आ रही है। खरगे ने कार्यकर्ताओं को एकजुट रहने का संदेश देते हुए कहा कि मिलकर काम करेंगे तो जीत जरूर मिलेगी।
सपा की सीटों पर इमरान मसूद की नाराजगी बनी चर्चा का विषय
दरअसल, इमरान मसूद पिछले कुछ दिनों से सपा-कांग्रेस गठबंधन में सीटों के बंटवारे को लेकर खुलकर अपनी नाराजगी जाहिर कर रहे हैं। उन्होंने एक कार्यक्रम में कहा था कि गठबंधन में आपसी सम्मान और बातचीत की गरिमा होनी चाहिए। उनका आरोप था कि दोनों दलों के बीच चर्चा जारी रहने के बावजूद सपा ने उम्मीदवारों की सूची मीडिया में जारी कर दी। इमरान ने सपा की ओर से कांग्रेस को 26 सीटें दिए जाने के प्रस्ताव पर भी सवाल उठाए। उन्होंने 2024 के लोकसभा चुनाव में गठबंधन के प्रदर्शन और राहुल गांधी की भूमिका का जिक्र करते हुए कांग्रेस की राजनीतिक ताकत को नजरअंदाज नहीं करने की बात कही। उनका कहना था कि गठबंधन में दोनों दलों का योगदान महत्वपूर्ण है और बातचीत में गंभीरता दिखनी चाहिए।
सपा सांसद राजीव राय ने भी दिया जवाब, BJP को फायदा पहुंचने की कही बात
इमरान मसूद के बयानों पर समाजवादी पार्टी के सांसद राजीव राय ने भी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को स्पष्ट करना चाहिए कि उसके नेता इस तरह के बयान क्यों दे रहे हैं। राजीव राय के मुताबिक, दोनों दलों का शीर्ष नेतृत्व समझदार है और उसका मुख्य उद्देश्य बीजेपी को हराना है। उन्होंने यह भी कहा कि 2017 के चुनाव में सीटों की संख्या को आधार बनाकर दोबारा वैसी ही मांग करना सही नहीं है, क्योंकि उस समय गठबंधन का नतीजा अच्छा नहीं रहा था। राजीव राय ने नेताओं को मीडिया में बार-बार बयान देने से बचने की सलाह देते हुए कहा कि ऐसी बयानबाजी का फायदा बीजेपी को मिल सकता है। अब देखना होगा कि खरगे की नसीहत और दोनों दलों के नेताओं के बीच बढ़ती बयानबाजी के बाद सपा-कांग्रेस गठबंधन में सीटों का विवाद किस दिशा में आगे बढ़ता है।
Read More-यूपी की सियासत में ओवैसी का बड़ा ऐलान! ‘ना ठाकुर राज, ना यादव राज, अब आएगा…’

