PM Modi Lucknow Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को अपने लखनऊ दौरे पर पहुंच गए हैं। पीएम मोदी अमौसी एयरपोर्ट से रवाना होकर गोमती नगर स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित पांचवें राष्ट्रीय कौशल दीक्षांत समारोह में शामिल होंगे। इस कार्यक्रम में देशभर के प्रतिभाशाली युवाओं को सम्मानित किया जाएगा। प्रधानमंत्री के दौरे को देखते हुए राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था बेहद सख्त कर दी गई है। वहीं, शहर के कई प्रमुख रास्तों पर ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया गया है, जिससे आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
कौशल दीक्षांत समारोह में 52 युवाओं को मिलेगा सम्मान
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित पांचवें राष्ट्रीय कौशल दीक्षांत समारोह में शामिल होकर देशभर के 52 राष्ट्रीय टॉपर्स को सम्मानित करेंगे। इन प्रतिभाशाली युवाओं में आईटीआई, एनएसटीआई और आईटीओटी के विद्यार्थी शामिल हैं। इन सभी ने अपने-अपने क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन कर राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई है। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को कौशल विकास और रोजगार से जुड़े अवसरों के लिए प्रोत्साहित करना है। पीएम मोदी इस दौरान युवाओं से संवाद भी कर सकते हैं।
सीएम योगी करेंगे पीएम मोदी की अगवानी, एयरपोर्ट से कार्यक्रम स्थल तक सुरक्षा
प्रधानमंत्री के स्वागत के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के अमौसी एयरपोर्ट पहुंचने की जानकारी दी गई है। मां के अंतिम संस्कार के बाद मुख्यमंत्री लखनऊ लौट आए हैं। पीएम मोदी के आगमन को देखते हुए एयरपोर्ट से लेकर इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान तक सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं। कार्यक्रम स्थल पर केवल आमंत्रित लोगों को ही प्रवेश दिया जा रहा है। वहीं, आम लोगों की आवाजाही पर भी कुछ प्रतिबंध लगाए गए हैं। शहर के कई इलाकों में ट्रैफिक डायवर्जन लागू होने से घर से निकलने वाले लोगों को सलाह दी गई है कि वे अपनी यात्रा से पहले निर्धारित रूट की जानकारी जरूर कर लें।
