उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी के निधन पर अब बहुजन समाज पार्टी की प्रमुख और यूपी की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने भी दुख जताया है। सावित्री देवी ने 91 वर्ष की उम्र में उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले के पंचूर गांव स्थित अपने पैतृक आवास पर अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर सामने आने के बाद राजनीतिक गलियारों में शोक का माहौल है। अलग-अलग दलों के नेता मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उनके परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कर रहे हैं।
मायावती ने एक्स पर पोस्ट कर परिवार के प्रति जताई संवेदना
बसपा प्रमुख मायावती ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट साझा कर सावित्री देवी के निधन को बेहद दुखद बताया। उन्होंने अपने संदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ उनके परिवार और सभी रिश्तेदारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। मायावती ने प्रार्थना की कि कुदरत शोकाकुल परिवार को इस कठिन समय में दुख सहने की शक्ति दे। उनके इस संदेश के बाद राजनीतिक हलकों में इसकी चर्चा हो रही है। मायावती का यह बयान ऐसे समय आया है, जब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के लिए यह बेहद निजी और भावुक क्षण है।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता श्री योगी आदित्यनाथ जी की माता श्रीमती सावित्री देवी का आज उनके गाँव में निधन हो जाने की ख़बर अति-दुखद। उनके परिवार सहित सभी रिश्तेदारों आदि के प्रति मेरी गहरी संवेदना। कुदरत उन सबको इस दुख को सहन करने की शक्ति दे।
— Mayawati (@Mayawati) November 20, 2026
91 साल की उम्र में पंचूर गांव में हुआ निधन, लंबे समय से थीं बीमार
जानकारी के मुताबिक, सावित्री देवी पिछले काफी समय से बीमार चल रही थीं। शुक्रवार को उन्होंने अपने पैतृक गांव पंचूर में अंतिम सांस ली। पौड़ी गढ़वाल के एसएसपी सर्वेश पंवार ने भी उनके निधन की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि सावित्री देवी का निधन पंचूर गांव में हुआ। उनके स्वास्थ्य को देखते हुए पहले भी इलाज की व्यवस्था की गई थी। करीब दो साल पहले उन्हें ऋषिकेश स्थित एम्स में भर्ती कराया गया था, जहां मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ उनसे मिलने पहुंचे थे।
हरिद्वार में अंतिम संस्कार की संभावना, प्रशासन परिवार के संपर्क में
सावित्री देवी के अंतिम संस्कार को लेकर सामने आई जानकारी के अनुसार, शनिवार को हरिद्वार में उनका अंतिम संस्कार किया जा सकता है। हालांकि, इसकी अंतिम पुष्टि परिवार की ओर से होने वाली आधिकारिक जानकारी के बाद ही स्पष्ट होगी। एसएसपी सर्वेश पंवार के मुताबिक, पुलिस और जिला प्रशासन लगातार परिवार के संपर्क में हैं। इससे पहले भी उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के कई बड़े नेता सावित्री देवी के निधन पर शोक व्यक्त कर चुके हैं। अब मायावती के संदेश के साथ राजनीतिक दलों के नेताओं की ओर से संवेदना जताने का सिलसिला जारी है।
Read More-मां सावित्री देवी से आखिरी बार कब मिले थे सीएम योगी? अब हमेशा के लिए खामोश हुई मां की ममता!
Read More-CM योगी की मां ने दुनिया को कहा अलविदा, 93 साल की उम्र में हुआ निधन, जानें कहां होगा अंतिम संस्कार
