सोशल मीडिया पर कब किसकी किस्मत चमक जाए, इसका अंदाजा लगाना मुश्किल है। महाराष्ट्र के यवतमाल में रहने वाले महज 2 साल के रुद्रांश सिंह ठाकुर के साथ भी कुछ ऐसा ही हुआ। दरअसल, 9 नवंबर को रुद्रांश अपने माता-पिता और बड़ी बहन के साथ नई होंडा एक्टिवा की डिलीवरी लेने पहुंचा था। इस दौरान उसका एक वीडियो रिकॉर्ड किया गया, जिसमें उसका खास अंदाज और चेहरे के भाव लोगों को खूब पसंद आए। देखते ही देखते यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो को करीब 137 मिलियन यानी 13.7 करोड़ से ज्यादा व्यूज मिले। इसके बाद रुद्रांश को इंटरनेट पर ‘ऑरा किड’ के नाम से पहचान मिलने लगी। देशभर के लोग उसके अंदाज की तारीफ करने लगे और उसे तरह-तरह के उपहार भी मिलने लगे।
होंडा डीलर ने दिया ऐसा तोहफा, परिवार भी रह गया हैरान
रुद्रांश की बढ़ती लोकप्रियता के बीच यवतमाल स्थित साई पॉइंट होंडा के मालिक दिलीप बोबाडे पाटिल ने एक ऐसा फैसला लिया, जिसने सभी का ध्यान खींच लिया। उन्होंने रुद्रांश को सम्मानित करने के लिए बुलाया और उसके परिवार को बताया कि अब उसकी पढ़ाई का पूरा खर्च वह उठाएंगे। इस घोषणा के मुताबिक, रुद्रांश की शिक्षा KG-1 से लेकर ग्रेजुएशन तक पूरी तरह उनके सहयोग से होगी। यानी आने वाले कई वर्षों तक उसकी पढ़ाई पर होने वाला खर्च दिलीप बोबाडे पाटिल उठाएंगे। यह खबर सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोग इस पहल की जमकर सराहना कर रहे हैं।
View this post on Instagram
13.7 करोड़ व्यूज से भी बड़ा निकला यह तोहफा
रुद्रांश का वीडियो बनाने वाले यश चिंचोलकर ने सोशल मीडिया पर इस खास पहल की जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि बच्चे की लोकप्रियता के बाद कई लोग उसे उपहार दे रहे थे, लेकिन होंडा डीलर ने उसके भविष्य को संवारने वाला तोहफा दिया है। यश के मुताबिक, यह सिर्फ आर्थिक मदद नहीं, बल्कि एक छोटे बच्चे के सपनों और शिक्षा में किया गया महत्वपूर्ण निवेश है। उन्होंने साई पॉइंट होंडा और दिलीप बोबाडे पाटिल की तारीफ करते हुए कहा कि किसी को बेहतर भविष्य का अवसर देना सबसे बड़ा उपहार हो सकता है। इस पहल ने वायरल वीडियो की कहानी को एक नया और सकारात्मक मोड़ दे दिया है।
सोशल मीडिया पर हो रही है दिलीप बोबाडे पाटिल की तारीफ
आमतौर पर सोशल मीडिया पर वायरल होने वाले वीडियो कुछ दिनों बाद लोगों की यादों से दूर हो जाते हैं, लेकिन रुद्रांश के मामले में लोकप्रियता के साथ एक बड़ी खुशखबरी भी जुड़ गई। जहां एक तरफ उसका क्यूट अंदाज करोड़ों लोगों का मनोरंजन कर रहा है, वहीं दूसरी तरफ उसकी शिक्षा की जिम्मेदारी उठाने का फैसला चर्चा का विषय बन गया है। इतनी छोटी उम्र में रुद्रांश को मिला यह तोहफा उसके भविष्य के लिए काफी अहम साबित हो सकता है। अब सोशल मीडिया यूजर्स इस नेक पहल की तारीफ कर रहे हैं। रुद्रांश की वायरल कहानी ने यह दिखाया है कि लोकप्रियता का इस्तेमाल किसी के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए भी किया जा सकता है।
