UAE Road Accident: संयुक्त अरब अमीरात (UAE) से एक बेहद दर्दनाक और दिल दहला देने वाले सड़क हादसे की खबर सामने आई है, जहां आधी रात के सन्नाटे में मौत का तांडव देखने को मिला। फुजैराह अमीरात के एंट्री गेट के पास स्थित एक व्यस्त सड़क पर तेज रफ्तार ट्रक अचानक ड्राइवर के नियंत्रण से बाहर हो गया। देखते ही देखते बेकाबू ट्रक पहले एक वाहन से टकराया और फिर अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। यह हादसा उस वक्त हुआ जब आगे ट्रैफिक जाम के कारण कई गाड़ियां कतार में रुकी हुई थीं। पलटने के बाद ट्रक सीधे इन खड़ी गाड़ियों से जा भिड़ा, जिससे मौके पर चीख-पुकार मच गई।
टक्कर के बाद वाहनों में भड़की भीषण आग, 14 की मौत और 30 घायल
यह टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि हादसे के तुरंत बाद ट्रक में भीषण आग लग गई और पल भर में ही आग की लपटों ने आसपास फंसे अन्य वाहनों को भी अपनी चपेट में ले लिया। इस भयानक अग्निकांड और टक्कर के चलते जान-माल का भारी नुकसान हुआ है। UAE के गृह मंत्रालय की ओर से जारी आधिकारिक बयान के अनुसार, इस भीषण दुर्घटना में 14 लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि करीब 30 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस, एम्बुलेंस और सिविल डिफेंस की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। फिलहाल आधे घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी मिल चुकी है, जबकि बाकी का इलाज जारी है।
मृतकों की पहचान के लिए हुआ DNA टेस्ट, कई भारतीयों के मारे जाने की पुष्टि
हादसे में आग लगने के कारण शव बुरी तरह झुलस गए थे, जिसके चलते दुबई के गृह मंत्रालय को मृतकों की सही पहचान करने के लिए DNA टेस्ट का सहारा लेना पड़ा। इस बीच, दुबई स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास ने इस बात की पुष्टि की है कि जान गंवाने वाले लोगों में कई भारतीय नागरिक भी शामिल हैं। दूतावास ने शोकाकुल परिवारों से संपर्क कर अपनी संवेदना व्यक्त की है और बताया है कि वे पीड़ित परिवारों को हर संभव सहायता प्रदान करने के लिए स्थानीय प्रशासन के साथ लगातार संपर्क में हैं। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शवों को परिजनों के सुपुर्द किया जाएगा।
हादसे में कई देशों के नागरिक हुए जख्मी, अस्पताल में चल रहा उपचार
इस दर्दनाक सड़क हादसे की चपेट में आने वाले लोगों में विभिन्न देशों के नागरिक शामिल हैं। स्थानीय प्रशासन से मिली जानकारी के मुताबिक, घायलों में संयुक्त अरब अमीरात के स्थानीय नागरिकों के अलावा ओमान, ब्राजील, पाकिस्तान, जॉर्डन और मिस्र के लोग भी शामिल हैं, जिनका अलग-अलग अस्पतालों में इलाज चल रहा है। गौरतलब है कि इससे पहले भी मई महीने में UAE में ईरान द्वारा किए गए हमले की घटना में तीन भारतीय नागरिक घायल हुए थे, जिसकी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कड़े शब्दों में निंदा की थी।
